औरैया महोत्सव का रंगारंग आगाज, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
संस्कृति, धरोहर का द्योतक औरैया महोत्सव का रविवार को रंगारंग और शान शौकत से शुभारंभ हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने महोत्सव में गागर में सागर भर दिया।
रंग-बिरंगी लाइटों से सजा स्टेज और शासकीय योजनाओं के लगाए गए स्टालोें से औरैया महोत्सव भरा-भरा रहा। मनमोहक आतिशबाजी ने महोत्सव में आए लोगों की दिल खोल कर तालियां बटोरी।
औरैया महोत्सव का मुख्य अतिथि डीएम माला श्रीवास्तव ने फीता काटकर शुभारंभ किया। डीएम ने इस दौरान शांति का संदेश देते हुए कबूतरों ंऔर विविध रंगों के गुब्बारे छोड़कर खुशियों का संदेश दिया।
इससे पूर्व डीएम, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, सिकंदरा विधायक इंद्रपाल सिंह पाल व सपा जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव ने मां वीणा वादिनी के चित्र पर दीप प्रज्जवलित किया। श्री गोपाल इंटर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का सम्मान किया।
सैफई महोत्सव के शुभारंभ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले राजकीय कन्या विद्यालय दिबियापुर की छात्राओं ने देश मेरा रंगीला, रंगीला रे... गीत पर मनमोहक नृत्य कर हजारों दर्शकों की तालियां बटोरीं।
इस मौके पर महोत्सव के मंत्री/एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि आने वाले वर्षो में औरैया महोत्सव अपने आप में एक इतिहास बनेगा।
दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि यह प्रशासन का साहसिक कदम है। महोत्सव प्रतिभाओं को खोज निकालने का प्लेटफार्म साबित होगा। सिंकदरा विधायक इंद्रपाल सिंह पाल ने कहा कि यह महोत्सव जनपद के लिए गौरव का कार्य है।
सपा जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह ने कहा कि यह नई पंरपरा की शुरुआत है। औरैया महोत्सव को स्थायी भूमि के लिए पार्टी की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
मुख्य अतिथि/डीएम माला श्रीवास्तव ने कहा कि महोत्सव आप सभी का है। सभी मिलकर इस महोत्सव को मनाए और बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
उन्होेंने कहा कि महोत्सव में फूलों की होली, किसान मेला, प्रधान सम्मेलन, उद्योग की संभावना, कुटीर उद्योग आदि कार्यक्रम आयोजित कर औरैया को प्रगतिशील श्रेणी में लाने के लिए औरैया महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
इस मौके पर एडीएम इंद्रपाल उत्तम, सीडीओ शिवराज यादव, पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव, सीएमओ डा. एनकेएस यादव, राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती गीता गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप वर्मा, एसडीएम बिधूना महेश चंद्र दुबे, एसडीएम अजीतमल बृजपाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।