{"_id":"32-151110","slug":"Auraiya-151110-32","type":"story","status":"publish","title_hn":"सांसद का आदेश बेअसर, अभी भी डाला जा रहा कूड़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सांसद का आदेश बेअसर, अभी भी डाला जा रहा कूड़ा
Auraiya
Updated Tue, 17 Sep 2013 05:37 AM IST
विज्ञापन
दिबियापुर ( औरैया )। सांसद प्रेमदास कठेरिया की सिफारिश के बावजूद नेहरू नगर वार्ड में सहारा इंडिया गली के सामने पूरे ककराही बाजार क्षेत्र का कूड़ा पड़ना बंद नहीं हुआ। इसपर आक्रोशित लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंच पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि एक सप्ताह में समस्या नहीं निपटी तो पंचायत कार्यालय में भूख हड़ताल पर बैठेंगे। नगर पंचायत दिबियापुर के वार्ड संख्या 8 नेहरू नगर निवासी पूर्व प्रधानाचार्य वेदप्रकाश गुप्ता, श्रीराम, विनय पांडेय, आनंद, अनुज गुप्ता, गिरजेश, नवीन, छुन्नू, पूरन चंद्र, अब्दुल कलाम, मुन्ना खां, जीतू, वीरेंद्र पोरवाल, योगेश आदि का आरोप है कि पिछले काफी अरसे से ककराही बाजार के कई वार्डों का कूड़ा इकट्ठा करके नगर पंचायत के सफाईकर्मी उनके वार्ड में सहारा इंडिया बैक गली के सामने डाल देते हैं। सुबह काफी ऊंचा बदबूदार ढेर परेशान करता है। इसकी कई बार लिखित शिकायत नगर पंचायत कार्यालय में की। अध्यक्ष के नगर पंचायत कार्यालय में न बैठने से शिकायत नहीं कर पाते। दो दिन पहले सांसद प्रेमदास कठेरिया के दिबियापुर पहुंचने पर शिकायत की। फोन पर सांसद ने नगर पंचायत अध्यक्ष पति से बात की तो अध्यक्षपति ने एक दिन के अंदर समस्या निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। दो दिन बाद आज सुबह सफाईकर्मी दोबारा ककराही बाजार क्षेत्र का कूड़ा डालने पहुंचे तो स्थानीय लोगों की सफाईकर्मियों से नोंकझोंक हुई। इसके उपरांत सभी वार्डवासी नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और हंगामा करते ए नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वार्डवासियों ने नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक नरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों का कहना है कि सड़क किनारे कूड़े का ढेर पड़ा होने से रोज दुर्घटनाएं होती हैं। सुनवाई न होने पर एक सप्ताह बाद नगर पंचायत कार्यालय के बाहर अनशन की चेतावनी दी है।
विज्ञापन