Amroha: दोबारा मेला जाने की जिद परिजनों ने नहीं की पूरी, गजरौला में बेटी को साथ लेकर ट्रेन के आगे कूद गई महिला
महिला के ट्रेन के आगे कूदने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। उसे आनन-फानन स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
विस्तार
दोबारा तिगरी गंगा मेला जाने की जिद पूरी नहीं होने पर महिला बच्ची को साथ लेकर ट्रेन के आगे कूद गई। ट्रेन की चपेट में आकर दोनों मां-बेटी घायल हो गईं। सूचना पाकर आरपीएफ व थाना पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला अमरोहा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी ग्रामीण परिवार सहित तिगरी मेले में गया। मुख्य स्नान से दो दिन पहले मेले से लौट आया। जिसका उसकी पत्नी ने विरोध किया। उसने दोबारा मेले में जाने की जिद की। जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
घर में कलह न हो, इसी के चलते ग्रामीण रविवार को मेला जाने के लिए तैयार हो गया। उसने पत्नी व एक साल की बेटी को साथ लिया। गजरौला में पहुंचने पर ग्रामीण ने पत्नी से कोई जरूरी काम बताते हुए बाइक से उतार दिया। पत्नी अपनी डेढ़ साल की बेटी को लेकर ई-रिक्शा में सवार होकर चाकेश्वर मंदिर के सामने से निकल कर रेलवे लाइन पर पहुंच गई।
उधर नजीबाबाद-गजरौला यात्री गाड़ी गुजर रही थी। महिला बेटी को लेकर उसके आगे कूद गई। जिससे दोनों घायल हो गईं। खबर लगते ही आस पास के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस व आरपीएफ मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया।