गजरौला (अमरोहा)। प्रधानमंत्री के देशव्यापी लॉकडाउन और घरों में ही रहने की हाथ जोड़कर बार-बार की जा रही अपील का कई लोगों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। यही वजह है कि वे न केवल बेवजह घरों से बाहर घूम रहे हैं बल्कि सोशल डिस्टेंस का अनुपालन भी नहीं कर रहे हैं। वहीं, कई स्थानों पर पुलिस की सख्ती भी नजर नहीं आ रही है।
शुक्रवार को भी सब्जी मंडी में सुबह से लेकर अपराह्न तक सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी रही। सोशल डिस्टेंस को दरकिनार कर ये लोग सब्जी की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। हालांकि मंडी के गेट पर एक महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी तैनात थे लेकिन उनका ध्यान भीतर उमड़ी भीड़ को हटाने में नहीं था। यही वजह रही कि यहां लोग घंटों तक सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाते रहे। उधर, नगर के कई मोहल्लों में भी इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। मोहल्ला जलालनगर में सुबह से शाम तक लोगों का तांता सड़कों एवं घरों के बाहर ही लगा रहता है। वहीं, आजादनगर में भी लोग घरों के बाहर सड़कों पर घूम रहे हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर लोगों को चिंता ही नहीं है कि वे अनजाने में अपने साथ ही औरों के लिए भी संकट को आमंत्रण दे रहे हैं।