UP: गन्ने के खेत में मिला महिला का शव... कोट के कवर में ऐसे पैक थी लाश, 45 घंटे बाद नहीं हो पाई पहचान
अमरोहा के हासमपुर गांव में कोट के कवर में बंद मिली लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का मानना है कि लाश किसी महिला श्रमिक की हो सकती हैं। पुलिस ने मंडल भर के थानों में इसकी सूचना भेजी है।
विस्तार
अमरोहा जिले के देहात थाना क्षेत्र के हासमपुर गांव के गन्ने के खेत में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को कोट के कवर में पैक करके खेत में फेंका गया था। महिला की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। घटनास्थल पर दुर्गंध फैलने से ग्रामीणों को इसकी भनक लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की लेकिन 45 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो शव की शिनाख्त हो सकी है और न ही कोई रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खेत में दुर्गंध से हुआ रहस्योद्घाटन
बुधवार दोपहर हासमपुर गांव के कुछ ग्रामीण जब खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें गन्ने के खेत से दुर्गंध आती महसूस हुई। उन्होंने वहां पड़े कोट के एक बड़े कवर को देखा, जिसकी चेन खोलने पर अंदर महिला का शव पाया गया। शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा पहचानना मुश्किल था। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
प्रथमदृष्टया पुलिस को यह मामला हत्या का लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई हो। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पहचान में जुटी पुलिस, गुमशुदगी की तलाश जारी
मृतका की पहचान कराने के लिए पुलिस मुरादाबाद मंडल के सभी थानों को शव की फोटो भेज चुकी है, ताकि गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान कराया जा सके। अमरोहा देहात थाने के प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र यादव और सीओ नौगांवा सादात अवधभान भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
हत्या कर शव को पहले छिपाया
पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद शव को कुछ दिन तक कहीं और छिपाकर रखा गया था। जब शव से दुर्गंध आने लगी और उसमें कीड़े पड़ने लगे तो आरोपितों ने उसे कोट के कवर में बंद कर खेत में फेंक दिया।
मजूदर हो सकती है महिला, भट्ठों पर जांच
एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान मजदूर महिला के रूप में प्रतीत हो रही है। ऐसे में जिले के ईंट भट्ठों व फैक्ट्रियों में काम करने वाले बाहरी मजदूरों से पूछताछ कर महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी ने बनाई जांच की चार टीमें
एसपी अमित कुमार आनंद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की हैं। साथ ही तकनीकी टीमों को भी सक्रिय किया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बाल, कपड़े और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शव खेत में फेंकने वाले आरोपितों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उम्मीद की जा रही है कि आरोपितों की तस्वीरें कैमरे में कैद हो सकती हैं।
Sambhal violence: बवाल में शामिल 74 उपद्रवी काैन... एसआईटी को नहीं चल पाया पता, पोस्टर भी हो चुके हैं जारी
महिलाओं में भय का माहौल
घटना के बाद हासमपुर और आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। महिलाओं में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि महिला की मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जा सकेगी। फिलहाल शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
UP: मुरादाबाद में मिले तीन बांग्लादेशी घुसपैठिए, बढ़ी पुलिस निगरानी, आतंकी हमले के बाद मंडल में सतर्कता