हसनपुर क्षेत्र के गांव करनपुर माफी और गंगाचोली में करीब एक माह से ट्रांसफार्मर खराब है। जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ओवरलोड अधिक होने की वजह से ट्रांसफार्मर कई बार खराब हो चुका है। शिकायत के बावजूद भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा।
क्षेत्र के गांव करनपुर माफी निवासी सुनील सैनी का कहना है कि गांव में करीब 25 दिन से बिजली का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा हुआ है। जिससे 85 घरों की आपूर्ति बिल्कुल बंद है। लोगों को बिजली नहीं मिलने की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात भर अंधेरे में गुजारनी पड़ती है। गर्मी के मौसम में घरों के पंखे नहीं चल पा रहे। पानी की किल्लत बनी हुई है। बार-बार शिकायत के बावजूद भी जिम्मेदारों द्वारा इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उधर, गांव गंगाचोली में पच्चीस वाट का ट्रांसफार्मर करीब एक माह से फुंका पड़ा है। शुक्रवार को भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर गांव में प्रदर्शन करते हुए ट्रांसफार्मर सही कराने की मांग की है। जिला मंत्री महावीर शर्मा का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब सौ घर प्रभावित हैं। कई बार शिकायत की जा चुकी है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाए। इस मौके विनोद कुमार, तेजपाल सिंह, शिवम कुमार, बुद्घन सिंह, सुमेरा, सौराज, वेदपाल आदि मौजूद रहे।