डिडौली। थानाक्षेत्र में प्रेमी युगल का निकाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। पांच वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करने वाले युवक-युवती ने थाने पहुंचकर साथ रहने और निकाह कराने की जिद पकड़ ली। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर बातचीत कराई, जिसके बाद परिवारों की सहमति से निकाह संपन्न कराया गया।
युवक और युवती पिछले करीब पांच वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे। दोनों बालिग होने के कारण उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस से मदद मांगी। प्रेमी युगल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से निकाह करना चाहते हैं और साथ जीवन बिताना चाहते हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों परिवारों को थाने बुलाया। शुरुआत में परिजन इस रिश्ते को लेकर नाराज नजर आए, लेकिन काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद दोनों परिवार निकाह के लिए तैयार हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग डिडौली गांव स्थित जामा मस्जिद पहुंचे, जहां मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार प्रेमी युगल का निकाह कराया गया। निकाह के बाद युवती दुल्हन के रूप में अपने पति के साथ ससुराल रवाना हो गई। थाना पुलिस की पहल से संपन्न हुए इस निकाह की क्षेत्र में दिनभर चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों ने भी आपसी सहमति और शांतिपूर्ण तरीके से मामला सुलझने पर संतोष जताया।