अमरोहा। बीते पेराई सत्र का भुगतान दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन असली गुट के कार्यकर्ताओं ने गन्ना समिति कार्यालय की तालाबंदी कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाकियू कार्यकर्ताओं की मांग थी कि उनको पांच अप्रैल तक हुई गन्ना खरीद का भुगतान दिलाया जाए। वहीं, भाकियू कार्यकर्ताओं ने वेव इंडस्ट्रीज के गन्ना विभाग से आए दो प्रबंधकों को बंधक बना लिया।
भाकियू असली के मंडलाध्यक्ष डूंगर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता सोमवार को गन्ना समिति के कार्यालय के बाहर जाकर धरने पर बैठ गए। किसानों के बीच आए गन्ना समिति के सचिव यतेंद्र हल्दिया ने किसानों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही गन्ना भुगतान दिलवा दिया जाएगा। इस पर नाराज किसानों ने समिति कर्मचारियों को बाहर निकाल कर कार्यालय की तालाबंदी कर दी। मंडलाध्यक्ष का कहना था कि मिल पर किसानों का लगभग 75 करोड़ रुपये बकाया है। प्रबंधन भुगतान के लिए गंभीर नहीं है। किसानों ने पांच अप्रैल तक की खरीद का भुगतान दिलाने की मांग की। सचिव ने प्रबंध तंत्र से वार्ता की। प्रबंध तंत्र ने शीघ्र ही भुगतान का आश्वासन दिया। इस पर किसानों ने तालाबंदी समाप्त कर बेमियादी धरना शुरू कर दिया। इस मौके पर राधेश्याम, कलुवा खां, नरेश कुमार, कपिल प्रधान, दिनेश प्रधान, देशराज सिंह, मुबारक मंसूरी, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।