अमरोहा। लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को शहर से लेकर देहात की सड़कों पर सन्नाटा रहा। रह-रहकर वाहन गुजरते रहें। वहीं आवश्यक सेवा से जुड़े वाहनों की आवाजाही लगी रही। सोमवार से सरकारी कार्यालय और बाजार खुलेंगे। शहर में मंगलवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। इसके बाद 28 अप्रैल से नियमित तौर पर दुकाने खुलेंगी। दुकानदारों को कोविड-19 के नियमों का पालन करना जरूरी है। बाजार में मास्क लगाकर ही पहुंचें, इसके बगैर दुकानदार सामान नहीं देंगे।
कोरोना के बढ़ते मामले के चलते प्रदेश सरकार ने दो दिवसीय साप्ताहिक लॉकडाउन का ऐलान किया है। इसके चलते रविवार को शहर से लेकर देहात के व्यावसायिक संस्थान बंद रहे। किराना और फल, सब्जी की दुकानों पर ग्राहकों ने खरीदारी की। शहर के टीपी नगर, आजाद रोड, कोट बाजार, बिजनौर रोड, लकड़ा तिराहे पर सन्नाटा रहा। पुलिस के जवान चौक चौराहों पर मुस्तैद रहे। उन्होंने रास्ते से गुजर रहे लोगों को रोका। उन्हें घर से बाहर निकलने की वजह पूछी और संतोषजनक जवाब मिलने पर ही उन्हें जाने की अनुमति दी। वहीं बगैर जरूरत के निकले लोगों के वाहन रोके गए। इसमें सर्वाधिक बाइक सवार रहे। वह वाहनों से गलियों में फर्राटा भर रहे थे। पुलिस ने ऐसे वाहनों का चालान किया। दोबारा नियम तोड़ने पर वाहन सीज करने की चेतावनी दी गई।