अमरोहा। सावन के तीसरे सोमवार पर मंदिरों में शिवभक्तों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख शांति की कामना की। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइन लग गई। बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर गूंज उठे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया है। वहीं, जम्मू कश्मीर मुद्दे के लेकर मंदिरों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। मंदिर में आने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखी गई और चेकिंग भी की गई।
सोमवार को दिनभर कांवड़ियों का हरिद्वार से जल लेकर आने और जल चढ़ाने का सिलसिला चलता रहा। कांवड़िये परिजनों के साथ शिवालयों में पहुंचते रहे। नगर के प्राचीन वासुदेव तीर्थ मंदिर, नौगावां सादात गजस्थल, शिव मंदिर पीला कुंड, धनौरा में पत्थर कुटी मंदिर, गजरौला में राम मंदिर और हसनपुर में शिवाला मंदिर समेत जिलेभर के दो दर्जन से अधिक मंदिरों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जलाभिषेक कराया गया। मंदिरों पर पुलिस सादे कपड़ों में तैनात रही। परिसर में आ रहे संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों की चेकिंग की। कई लोगों की तलाशी भी ली गई और लोगों से पूछताछ की गई। जलाभिषेक करने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। शिवालयों में अभिषेक पूजन के साथ हर-हर महादेव के जयकारे गूंज सुनाई दी। घंटियों की गूंज के बीच शिव चालीसा और पंचाक्षरी के स्वर भी गूंजे। युवाओं ने डीजे के साथ ब्रजघाट, हरिद्वार और गोमुख से डांक कांवड़ में गंगाजल लेकर लौटे शिवभक्तों ने कड़ी सुरक्षा के बीच जलाभिषेक कर कांवड़ चढ़ाई।