Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Amroha News ›   Promises left unfulfilled... when will the work on basic amenities be completed?

Amroha News: वादे अधूरे...बुनियादी सुविधाओं के काम कब होंगे पूरे

Moradabad  Bureau मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Fri, 27 Nov 2026 02:12 AM IST
विज्ञापन
Promises left unfulfilled... when will the work on basic amenities be completed?
अमरोहा। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ गांवों में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीण अब नेताओं के वादों के बजाय पिछले चुनावों में किए गए दावों का हिसाब मांग रहे हैं। जोया ब्लाक की प्रमुख न्याय पंचायत पतेई खालसा में करीब 13 ग्राम पंचायतें हैं। पतेई खालसा, नन्हेड़ा राजपूत और सिनोरा जलालाबाद में ग्रामीणों ने विकास कार्यों और अधूरे वादों पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि चुनाव के समय नेता बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद समस्याओं का समाधान कराने नहीं लौटते।
विज्ञापन

इस बार ग्रामीणों की प्राथमिकता सड़क, पेयजल, जलनिकासी, बिजली और साफ-सफाई है। उनका आरोप है कि सांसद, विधायक और जिला पंचायत सदस्यों के आश्वासन के बावजूद कई समस्याएं जस की तस हैं। गांव के चार प्रमुख रास्तों में से तीन पर जलभराव है। बुढ़नपुर से पतेई खालसा, पतेई खालसा से मझरा और खईया माफी जाने वाले मार्ग पर कीचड़ और पानी भरा रहता है। जगह-जगह कूड़े के ढेर हैं और तीन बड़े तालाबों पर अतिक्रमण है।
विज्ञापन

करीब 15 साल पहले 1.96 करोड़ रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी अब तक चालू नहीं हुई। महिला प्रसव केंद्र पर ताला लगा है और आंगनबाड़ी केंद्र का भवन जर्जर है। चकबंदी प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों और चेहरों के साथ विकास कार्यों का हिसाब भी अहम होगा। वे अगली सरकार से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की समस्याओं के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं। इस बार जनप्रतिनिधियों से अधूरे वादों पर जवाब मांगा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

----------------
पतेई खालसा न्याय पंचायत में 14 ग्राम पंचायतें शामिल
पतेई खालसा न्याय पंचायत के अंतर्गत बरखेड़ा राजपूत, कनपुरा, मिठनपुर, सिनोरा जलालाबाद, कालखेड़ा उर्फ कलालखेड़ा, जिवाई, फतेहपुर जिवाई, भीखनपुर मुंडा, फतेह खालसा, पलोला, टिकिया, सैतली, सलारपुर और नन्हेड़ा राजपूत ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
---------------------
सड़क एवं आवागमन
- गांवों की जर्जर सड़कें ठीक कराई जाएं।
- मुख्य रास्तों पर जलभराव से निजात मिले।
- नालियों की नियमित सफाई होनी चाहिए।
- गांवों में सार्वजनिक परिवहन की कमी दूर हो।
---------------
पेयजल और बिजली
- पानी की टंकियां चालू होनी चाहिएं।
- घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति हो।
- खराब हैंडपंपों की मरम्मत होनी चाहिए।
- अघोषित बिजली कटौती पर लगाम लगे।
- जर्जर बिजली तार बदले जाएं और खराब स्ट्रीट लाइटें बदली जाएं।
---------------
स्वास्थ्य सुविधाएं
- गांवों के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर हो।
- दवाओं और जांच की पर्याप्त व्यवस्था सुविधा मिले।
- प्रसव केंद्रों पर डॉक्टरों की नियमित तैनाती की जाए।
- आपात स्थिति में एंबुलेंस मिलने में देरी न हो।
-----------------
शिक्षा व्यवस्था
- परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो।
- आंगनबाड़ी केंद्र व स्कूल के जर्जर भवनों की मरम्मत हो।
- शौचालय और पेयजल की समस्या देर होनी चाहिए।
- क्षेत्र में इंटर और डिग्री कॉलेज की कमी दूर की जाए।
-----------------
किसान और कृषि
- गन्ना मूल्य भुगतान में देरी न हो।
- छुट्टा पशुओं से फसलों को नुकसान का मुआवा मिले।
- खाद और बीज समय पर उपलब्ध कराया जाए।
- खेतों तक पहुंचने वाले खराब रास्ते ठीक कराए जाएं।
-------------------
रोजगार एवं युवा
- क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें।
- कौशल विकास केंद्रों खोले जाएं।
- खेल मैदान और स्टेडियम की कमी दूर हो।
- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकालय खुले।
-----------------
सफाई एवं अन्य समस्याएं
- गांवों में नियमित कूड़ा उठना चाहिए।
- तालाबों पर हुए अवैध कब्जे हटाए जाएं।
- चकबंदी और राजस्व संबंधी विवादों का निस्तारण हो।
---------------------
चुनाव आते ही जनप्रतिनिधि घर-घर चक्कर लगाने लगते हैं और गांव की तस्वीर बदलने के बड़े-बड़े वादे करते हैं। विधानसभा, लोकसभा या जिला पंचायत चुनाव हो, हर बार ग्रामीणों को विकास का भरोसा दिलाया जाता है, लेकिन चुनाव बीतते ही कोई गांव की सुध लेने नहीं आता। पांच साल गुजरने के बावजूद गांव में विकास कार्य नहीं हुए।- तालिब, ग्रामीण

गांव में पिछले पांच साल से कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। मुख्य रास्तों और संपर्क मार्गों पर जलभराव के कारण ग्रामीणों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है। गांव की बदहाल स्थिति का असर अब सामाजिक रिश्तों पर भी पड़ रहा है। लोग गांव की हालत देखकर यहां अपने बच्चों के रिश्ते करने से कतराते हैं। इसके अलावा आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक भी बना हुआ है। जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि ध्यान देने को तैयार नहीं हैं।- महेंद्र सिंह, ग्रामीण

गांव में सुविधाएं बढ़ाने के बजाय पहले से मौजूद व्यवस्थाएं भी खत्म की जा रही हैं। गांव में पशुपालकों की सुविधा के लिए पशु चिकित्सक बैठते थे, लेकिन अब पशु चिकित्सा केंद्र की व्यवस्था भी बंद कर दी गई है। इससे बीमार पशुओं का उपचार कराने के लिए पशुपालकों को भटकना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने नई सुविधाएं दिलाना तो दूर, पुरानी व्यवस्थाओं को भी बहाल नहीं कराया।-नरेंद्र सिंह, ग्रामीण

गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी का निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन काम अधर में लटका हुआ है। इसके चलते ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। वहीं, श्मशान घाट पर भी अवैध कब्जा किया गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।- सानू पंवार, ग्रामीण

गांव की सड़कों पर गंदगी पसरी है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों ने गांव में विकास कराने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन धरातल पर उन वादों का एक प्रतिशत काम भी नहीं हुआ। सभी वादे केवल आश्वासन बनकर रह गए हैं। अब ग्रामीणों को आश्वासन नहीं, बल्कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और विकास कार्य शुरू होने का इंतजार है।- नागेंद्र सिंह, ग्रामीण

पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए गए नलकूपों का इस्तेमाल सिंचाई में किया जा रहा है। पिछले दो महीने से टंकी से पानी की एक बूंद भी नहीं निकली है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो रहा है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधि बाद में गांव की सुध लेने तक नहीं आते। आखिर ग्रामीणों को पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा कब मिलेगी?- विकास कुमार, ग्रामीण

गांव में पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है। जनप्रतिनिधियों ने पक्की सड़कें बनवाने और पेयजल आपूर्ति दुरुस्त कराने के वादे किए थे, लेकिन आज तक कोई वादा पूरा नहीं हुआ। गांव की समस्याओं को लेकर न तो जनप्रतिनिधि गंभीर हैं और न ही अधिकारी ध्यान दे रहे हैं।- नौशाद अली, ग्रामीण

बरसात के दिनों में गांव के रास्तों पर जलभराव हो जाता है। कीचड़ और पानी के बीच से गुजरना किसी तालाब को पार करने जैसा लगता है। इससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधि अब गांव की सुध लेने तक नहीं आते। आखिर कब तक ग्रामीण बदहाल रास्तों और अव्यवस्थाओं का दंश झेलते रहेंगे?। जुनैद, ग्रामीण

चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि गांव के विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्हें पूरा करना भूल जाते हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद गांव की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। अब तो जनप्रतिनिधियों से भरोसा ही उठ गया है। आखिर कब तक ग्रामीण झूठे वादों के सहारे अपनी जिंदगी गुजारते रहेंगे?। भूरी, ग्रामीण
--------------
विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली और शिक्षा से जुड़े कई विकास कार्य कराए गए हैं। अमरोहा में जल निकासी के लिए नाला निर्माण कराया गया तो मुरादनगर में इंटर कॉलेज, केशोपुर में आईटीआई और सहसपुर में पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना कराई गई। क्षेत्र में बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाई गई। गांवों में सड़कों का निर्माण कराए गए गए हैं। शेष विकास कार्यों को भी सरकार बनने पर प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

-महबूब अली, सदर विधायक, सपा


ग्रामीण क्षेत्रों में विकास से जुड़ी समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत स्तर पर होती है। गांवों में जरूरत के मुताबिक ग्राम पंचायत निधि से विकास कार्य कराए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर मिलने वाली शिकायतों और समस्याओं के आधार पर प्राथमिकता तय कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाता है।
- नितिन कुमार, डीपीआरओ
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed