गजरौला। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन अमरोहा के तत्वाधान में चल रहे अंडर 17 क्रिकेट टूर्नामेंट में अलग- अलग दो मैच खेले गए। पहले मैच में डीएनएस क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर डीएनएस के अक्षु की घातक गेंदबाजी के आगे न्यू फ़्रेंड क्रिकेट अकादमी के बल्लेबाज पस्त नजर आए। डीएनएस ने आठ विकेट से मैच जीत लिया, जिसमें अक्षु ने सात विकेट झटके। दूसरा मैच एटूआर क्रिकेट अकादमी में एटूआर और आर्यंश के बीच हुआ, एटूआर ने मुक़ाबला जीता।
मंगलवार को आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पहले मैच में न्यू फ़्रेंड टीम ने टॉस जीता और पहले खेलते हुए 22 ओवर में 103 रन बनकर ऑलआउट हो गई। न्यू फ़्रेंड टीम के लिए मोहित ने 44 एवं तबरेज ने 18 रन बनाए। डीएनएस अकादमी के लिए अक्षु ने 7 और आर्यन ने 3 विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए डीएनएस क्रिकेट अकादमी की टीम ने 8 विकेट से मैच जीत लिया। डीएनएस की ओर से आर्यन ने 56 एवं अमित जोशी ने 48 रन बनाए। न्यू फ़्रेंड के लिए अमन ने 2 विकट लिए। अक्षु को बेहतर प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में एटूआर ने टॉस जीतकर पहले खेलते हुए 40 ओवर में 153 रन बनाए। जुल्करनैन ने 35 एवं आकीब ने 35 रन बनाए। आर्यंश के लिए विशाल ने 3 एवं परितोष ने 2 विकेट लिए। जवाब में आर्यंश की टीम 145 रन पर आउट हो गई। आयुष ने सर्वाधिक 33 रन का योगदान किया। एटूआर के लिये अमन ने 3 एवं जुल्करनैन ने 2 विकेट लिए। एटूआर ने यह मैच 8 रन से जीता। मैच के हीरो जुल्करनैन एवं अमन को संयुक्त रूप से मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। अंपायरिंग की भूमिका मोहम्मद रिजवान और अदनान पाशा ने निभाई। स्क़ोरर आमिर सुहैल रहे । इससे पूर्व डीसीए के सेक्रेटरी डा. मुस्तकीम, क्रिकेट कोच बदरूद्दीन सिद्दीक़ी, नजम खान, ख़ुर्रम आजाद, मोहम्मद अली, मोहम्मद हसीन (बादशाह) और राजा खान, इक़बाल ने मैच से पहले टीमों का परिचय लिया।