शौहर बेगम और नगीना: दहेज में क्रेटा कार नहीं मिलने पर पति ने की दूसरी शादी, पीड़िता पहुंची सीधे थाने
गजरौला में दहेज में क्रेटा कार नहीं मिलने पर एक शख्स ने दूसरी शादी कर ली। पुलिस ने पीड़ित पत्नी की शिकायत पर पति समेत आठ लोगों पर मामला दर्ज किया है।
विस्तार
दहेज में क्रेटा कार न मिलने पर विवाहिता का ससुराल वालों ने उत्पीड़न किया। शौहर ने हापुड़ निवासी एक युवती के साथ शादी कर ली। उसे जला कर मारने की कोशिश करने लगे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने शौहर, सौतन सहित सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दहेज में दी थी स्विफ्ट डिजायर कार
पपसरा खादर गांव निवासी नाजमा खातून की शादी 28 जून 2020 को क्षेत्र के गांव शाहपुर उर्फ साहबपुर निवासी नसीमुद्दीन के साथ की गई। उसका आरोप है कि दहेज में दी गई स्विफ्ट डिजायर की जगह पर ससुराल वाले क्रेटा गाड़ी की मांग करने लगे। जिसे पूरी करने में असमर्थता जताने पर ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे। दो बेटों को जन्म देने पर भी उसका उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
पीड़िता को डिमांड पूरी न होने पर जलाकर मारने की कोशिश
डेढ़ महीने पहले शौहर ने हापुड़ निवासी नगीना नाम की युवती के साथ शादी कर ली। इसके बाद उसे और ज्यादा प्रताड़ित किया जाने लगा। 21 मई 2023 को सुसराल वालों ने उसे मारा पीटा। जलाकर मारने की कोशिश करने लगे। उसके फोन करने पर उसका भाई साहबपुर उर्फ साहबपुर पहुंचा। यूपी 112 भी गांव में पहुंची। उसे बचाया गया। भाई के साथ वह अपने मायके आ गई।
पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ दर्ज की शिकायत
इसके बाद ससुराल वालों ने धमकी दी कि दहेज में क्रेटा गाड़ी के बिना आई तो जान से मार देंगे। उसने थाना पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिसके बाद एसपी से मिल कर कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने शौहर नसीमुद्दीन, ससुर कलुआ, सास इसराना, देवर सलमान, ननद रिजवाना, भोली और नसीमुद्दीन की दूसरी पत्नी नगीना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।