Amroha: करंट से झुलसे लाइनमैन की उपचार के दौरान मौत, ग्रामीणों ने कार्रवाई को लेकर लगाया जाम
लाइन पर काम करते समय करंट से झुलसे लाइनमैन की उपचार के दौरान दिल्ली में मौत हो गई। नाराज परिजनों ने बिजली घर के सामने शव रखकर जाम लगा दिया।
विस्तार
आदमपुर थाना क्षेत्र में लाइन पर काम करते समय करंट से झुलसे लाइनमैन की उपचार के दौरान दिल्ली में मौत हो गई। नाराज परिजनों ने बिजली घर के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। जिम्मेदार बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव सांथलपुर जितेंद्र नगला खादर बिजली घर पर संविदा कर्मी लाइनमैन के रूप में काम करता था। 30 अक्टूबर को वह शटडाउन लेकर लाइन पर काम करने गया था लेकिन आरोप है कि एसएसओ ने शटडाउन वाली लाइन में विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी। जिससे लाइनमैन बुरी तरह झुलस गया था। परिजनों को जब घटना के बारे में जानकारी हुई तो वह एकत्रित होकर बिजली घर पहुंच गए और हंगामा किया था।
पीड़ित लाइनमैन के भाई ने अधिशासी अभियंता, उप खण्ड अधिकारी, अवर अभियंता व एसएसओ के विरुद्ध तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की उधर परिजन बुरी तरह से झुलसी लाइनमैन का उपचार कराने के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में ले गए जहां 15 दिन तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद में रविवार रात को लाइनमैन की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार शाम को परिजनों और ग्रामीणों ने एकत्र होकर ढबारसी बिजलीघर के सामने सड़क पर शव रख दिया और जाम लगा दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस की कार्यशैली को गलत बताते हुए हादसे के जिम्मेदार बिजली कर्मियों को बचाने का आरोप लगाया।
इस दौरान करीब डेढ़ घंटा तक जाम लगा रहा। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। थाना अध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर एसएसओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
