फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Amroha News ›   Intoxicated head constable ran over four people with his car and drove on the wrong side of the highway for five kilometers.

Amroha News: नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने कार से चार लोगों को कुचला, पांच किलोमीटर हाईवे पर रॉन्ग साइड़ दौड़ाई कार

Moradabad  Bureau मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Wed, 15 Jul 2026 02:05 AM IST
विज्ञापन
Intoxicated head constable ran over four people with his car and drove on the wrong side of the highway for five kilometers.
डिडौली (अमरोहा)। तीन माह पहले डॉयल-112 की ड्यूटी पर सोते मिलने में लाइन हाजिर किए जा चुके हेड कांस्टेबल संजीव तोमर ने डिडौली कस्बे में नशे की हालत में सोमवार की रात कार से चार लोगों को कुचल दिया। हेड कांस्टेबल पर शराब के साथ-साथ पुलिसिया रौब का नशा इस हद तक तारी था कि बीच सड़क खड़ी उसकी कार हटाने के लिए कहने पर उसने परिवार सहित जा रहे बाइक सवार पर ही कार चढ़ा दी। मदद के लिए आगे आए एक और युवक को भी कार से टक्कर मार दी। इससे शोर शराबा शुरू होने पर बेखौफ तरीके से हाईवे पर रॉन्ग साइड पांच किलोमीटर तक कार दौड़ाई। इस बीच सामने से आ रही एक अन्य बाइक को भी पूरी रफ्तार से टक्कर मार दी। इन दोनों घटनाओं में पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल हुए हैं। एक की कई हड्डियां तक टूट गई हैं।
विज्ञापन

इस बीच एकत्रित लोगों ने वाहनों से पीछा करके जैसे-तैसे आरोपी को जोया टोल प्लाजा पर घेरने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद भीड़ ने धुनाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि हेड कांस्टेबल संजीव तोमर को निलंबित कर दिया है। उसकी बर्खास्तगी की कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया। रॉन्ग साइड कार दौड़ाकर पिता-पुत्र को घायल करने के मामले में एक और रिपोर्ट भी उसके विरुद्ध दर्ज की गई है।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हेड कांस्टेबल के खुलेआम उत्पात का पहला शिकार हुए डिडौली निवासी अमित कुमार, जो बाइक से अपनी पत्नी बच्चे के साथ जोया से घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही उनकी बाइक डिडौली कस्बे में चामुंडा (बापूधाम) माता मंदिर के पास पहुंची तो वहां पहले से मौजूद हेड कांस्टेबल संजीव तोमर ने अपनी कार बीच सड़क पर खड़ी कर रखी थी। अमित ने कार हटाने और रास्ता देने के लिए कहा तो आरोपी ने गालियां देते हुए उन पर कार चढ़ा दी। कार का पहिया चढ़ने से अमित कुमार का बायां पैर कुचल गया। पास में मौजूद रविंद्र उनकी मदद को आगे आए तो आरोपी ने उन्हें भी कार से टक्कर मार दी। उनके घुटने में गंभीर चोट लगी है। इतने पर भी आरोपी के तेवर कम नहीं हुए। घबराए अमित और रविंद्र ने बचने के लिए खुद को वहां खड़े एक ट्रैक्टर की ओट में लिया तो उसने ट्रैक्टर में भी कई बार टक्कर मारी। इससे ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त होने के साथ आरोपी की कार का टायर भी फट गया, लेकिन इसके बावजूद उसने फटे टायर वाली कार को हाईवे पर रॉन्ग साइड लगभग पांच किलोमीटर दौड़ाया। इस दौरान सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारता हुआ टोल प्लाजा तक जा पहुंचा। शोर मचाकर पीछा करते लोग और टोल पर मौजूद वाहनों के सवार वहीं उसे घेर सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रॉन्ग साइड कार दौड़ाते समय आरोपी ने जिस बाइक को टक्कर मारी, उस पर शाहजहांपुर के थाना कांट क्षेत्र के गांव बमरौली निवासी शवीर सिंह और उनके पिता सुधीर सिंह सवार थे। वे नोएडा से अपने गांव लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार की टक्कर से सुधीर सिंह के कई जगह फ्रैक्चर हो गया, जबकि शवीर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार चल रहा है।
00
लोग बोले...दो घंटे उत्पात, हाईवे पर रॉन्ग साइड दौड़ती कार के फटे टायर से दूर तक फैल रही थीं चिंगारियां
डिडौली में लोगों पर अपनी कार चढ़ाने वाले हेड कांस्टेबल की हरकतों को जिसने देखा वह दांतों तले उंगली दबा बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लग रहा था कि जैसे उस पर कोई भूत सवार हो। उसे न किसी का खौफ था और न कोई अन्य उसे इंसान लग रहा था। लोगों के मुताबिक शुरुआत से लेकर दबोचे जाने तक आरोपी ने दो घंटे सरेआम उत्पात किया। हद तो यह थी कि ट्रैक्टर को टक्कर मारने से दायां टायर फट जाने पर भी उसने हाईवे पर रॉन्ग साइड पांच किलोमीटर कार दौड़ाई। इस दौरान उस पहिये से लगातार चिंगारियां निकल रही थीं। दूर तक फैल रही चिंगारियों से लोगों को आरोपी की कार समेत आसपास की अन्य गाड़ियों में आग लगने की चिंता सताने लगी थी। घटना के चश्मदीद रहे लोगों ने कहा कि गमीनत रही कि जोया टोल प्लाजा पर बैरियर और अन्य गाड़ियां रुकने से आरोपी को सीधा रास्ता नहीं मिला और वह लोगों की पकड़ में आ गया, वरना न जाने वह कितने और लोगों को कुचल डालता।
00
बागपत जिले का है आरोपी, तीन माह से लाइन हाजिर था
पुलिस के मुताबिक आरोपी हेड कांस्टेबल संजीव तोमर मूल रूप से बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के बिजरौल गांव का निवासी है। वर्ष 2011 में वह उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुआ था। उस पर पहले भी अनुशासनहीनता के आरोप रहे हैं। करीब तीन माह पहले डायल-112 की ड्यूटी के दौरान वह पीआरवी की गाड़ी में सोता हुआ मिला था। तब अमरोहा के तत्कालीन एसपी अमित कुमार आनंद ने उसे तत्काल लाइन हाजिर कर दिया था।

00
निलंबित किया, बर्खस्तगी की कार्रवाई भी होगीः एसपी
एसपी लखन सिंह यादव ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला बेहद गंभीर है। आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित किया जा चुका है। उसके खिलाफ विभागीय जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना और आपराधिक हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed