अमरोहा। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में अहम पहल करते हुए जिला अस्पताल, हसनपुर और रहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही होम्योपैथिक क्लीनिक शुरू किए जाएंगे। जिला होम्योपैथिक अधिकारी की ओर से इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। वर्तमान में जनपद में केवल आठ स्थानों पर ही होम्योपैथिक क्लीनिक संचालित हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है। नए क्लीनिक खुलने से खासकर दूरदराज के लोगों को सस्ती और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस समय अमरोहा सीएचसी, जोया, गजरौला, नौगावां सादात, सैदनगली, अगरौला, कुंदरकी भूड़ और सदरपुर भूड़ में संचालित है। जहां पर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को फायदा मिल रहा है लेकिन जिला अस्पताल में होम्योपैथिक चिकित्सक न होने से मरीजों को परेशानी भी होती है। जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. अंशु एस शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल, मंडी धनौरा, हसनपुर और रहरा में क्लीनिक खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। जल्द ही इस संबंध में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इन क्लीनिक के खुलने से आसपास के ग्रामीणों को काफी फायदा मिलेगा। नौगावां सादात और सदरपुर में भवन बनकर तैयार हो गए और क्लीनिक अपने भवन में संचालित हो रहे है। पहले सीएचसी से ही काम चलाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि होम्योपैथिक औषधी में अधिकांश बीमारियों का इलाज है। थोड़ा लंबा चलता है लेकिन लोगों के लिए फायदेमंद रहता है। अब नए क्लीनिक खुलने से ग्रामीणों को और लाभ मिलेगा।