विधायक के फार्म हाउस में सामूहिक दुष्कर्म: चारों आरोपी जेल गए, केयरटेकर बोला- पुलिसवालों ने दी थी कत्ल की धमकी
23 वर्षीय युवती के साथ उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर स्थित उत्तराखंड के खानपुर से विधायक के फार्म हाउस में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपी खुद वर्दी वाले हैं। एक सीआरपीएफ का इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और हसनपुर कोतवाली का दरोगा व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही है।
विस्तार
यूपी के अमरोहा स्थित हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के झूलपुरी स्थित खानपुर (उत्तराखंड) के भाजपा विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और पुलिस के दरोगा-सिपाही को पुलिस ने बुधवार रात करीब 11 बजे चारों आरोपियों को डिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार को भी कब्जे में लिया है। घटना के बाद रात में ही डीआईजी मुनिराज जी और एसपी लखन सिंह यादव ने घटनास्थल का मुआयना किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
एक निजी कंपनी में नौकरी करती है पीड़िता
एसपी के मुताबिक, पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद जिले की रहने वाली है और एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। उसकी एक महिला मित्र ने उसकी मुलाकात सीआरपीएफ में तैनात हेड कांस्टेबल मोहित से कराई थी। युवती सोमवार को सोनीपत में मोहित से मिली थी। मोहित ने उसे घूमने चलने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद वह उसकी कार में सवार हो गई।
पहले मेरठ रुके फिर अमरोहा के फार्म हाउस पर
बाद में मोहित युवती को कार से मेरठ ले गया। वहां उसने अपने साथी अलवर (राजस्थान) निवासी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव को भी कार में बैठा लिया। सोमवार रात तीनों मेरठ में रुके। मंगलवार शाम तीनों हसनपुर पहुंचे। यहां पहले से मौजूद बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गांव सूप निवासी दरोगा संजय तोमर भी उनकी कार में सवार हो गया। इसके बाद सभी झूलपुरी स्थित फार्म हाउस पहुंचे और वहां कमरे लिए।
शराब पीने के बाद की गई दरिंदगी
पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद मुजफ्फरनगर के फुगाना क्षेत्र निवासी सिपाही प्रमोद कुमार खाना और शराब लेकर फार्म हाउस पहुंचा। रात में खाना-पीना हुआ। आरोप है कि इसके बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर युवती के कमरे में जबरन घुस गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में प्रमोद कुमार भी कमरे में पहुंचा तो युवती ने उसे धक्का देकर बाहर कर दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर पुलिस को सूचना दी।
दोनों पुलिसकर्मी निलंबित
सूचना मिलते ही पुलिस ने रात में फार्म हाउस पर छापा मारकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि चारों आरोपियों को बुधवार रात न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। मामले में दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। पीड़िता को अमरोहा के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है, न्यायालय में उसके बयान दर्ज करने के बाद घर भेज दिया जाएगा।
फार्म हाउस पर पहुंचे पुलिसकर्मी ने केयरटेकर को दी जान से मारने की धमकी
डीडी फार्म हाउस के केयरटेकर ने पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
गृह मंत्रालय का लिया था नाम
गांव रजोहा निवासी रामनिवास ने शिकायती पत्र में बताया कि वह डीडी फार्म हाउस पर केयरटेकर है। उसके अनुसार 21 सितंबर की शाम करीब 6:14 बजे एक नंबर से कई बार फोन आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम परविंदर बताया और कहा कि एसएसआई नरेश राणा ने बताया है कि गृह मंत्रालय, दिल्ली से कुछ लोग जांच के लिए अमरोहा आ रहे हैं और उन्हें कुछ घंटे फार्म हाउस पर रुकना है। इसके बाद एसआई नरेश राणा ने भी फोन कर फार्म हाउस की लोकेशन मांगी। रामनिवास ने व्हाट्सऐप पर लोकेशन भेज दी।
रात आठ बजे आए थे फार्म
शिकायत के मुताबिक रजबपुर एसएसआई नरेश राणा ने फार्म हाउस पर कमरा उपलब्ध कराने को कहा। रामनिवास ने पहले मालिकों से बात करने के लिए कहा और शाम करीब साढ़े पांच बजे फार्म हाउस से अपने गांव चला गया। रात करीब आठ बजे चौकीदार मंगली ने फोन कर बताया कि कुछ पुलिस अधिकारी फार्म हाउस पहुंचे हैं। रात करीब 10:13 बजे रामनिवास वहां पहुंचा। उसका आरोप है कि वहां स्थानीय दरोगा समेत एक महिला और उसकी सुरक्षा में सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर व कांस्टेबल मौजूद थे।
रामनिवास को डांटा, जेल में सड़ाने की दी धमकी
रामनिवास का आरोप है कि उसने अधिकारियों से मालिकों से बात करने की बात कही तो दरोगा ने उसे डांटते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने और जेल में सड़ा देने की धमकी दी। इसके बाद वह डरकर वहां से चला गया। रात में चौकीदार के पास भी थाने से पुलिस आने की सूचना का फोन आया। सुबह जब रामनिवास फार्म हाउस पहुंचा तो वहां मौजूद लोग जा चुके थे। रामनिवास ने एसपी से मामले की एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।