गजरौला। पुलिस ने सोशल मीडिया पर तमंचे के संग फोटो वायरल करने वाले गांव मझोला के एक युवक को पकड़कर एक-एक करके चार युवकों को पकड़ लिया। ये तमंचों की सप्लाई भी किया करते थे। इतना ही नहीं इस ग्रुप का मास्टर माइंड बताया जा रहा रजबपुर के गांव चकबदौनिया निवासी अनिकेत पूर्व में भी शस्त्र प्रकरण में जेल जा चुका है।
रविवार को थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह ने गजरौला पुलिस द्वारा छह अवैध तमंचों और आठ कारतूसों संग पकड़े गए चार युवकों के संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में इसका खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि गजरौला पुलिस ने हाईवे पर भानपुर रेलवे क्रॉसिंग के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे से आरोपियों को पकड़ा। इनमें रिजवान निवासी मोहल्ला आजाद नगर, अनिकेत निवासी गांव चक बदौनिया थाना रजबपुर, अमन निवासी गांव मझोला, विशाल निवासी गांव बहरमपुर थाना नखासा सम्भल के कब्जे से छह अवैध तमंचे और आठ कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार अनिकेत ही शस्त्रों की सप्लाई के धंधे का मास्टर माइंड है। प्रेस वार्ता के दौरान सीओ सत्येंद्र कुमार, इंस्पेक्टर सतेंद्र कुमार सिंह भी मौजूद रहे। बताते हैं कि हाल ही में थाना क्षेत्र के गांव मझोला निवासी एक युवक ने तमंचे के संग अपना फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसी से पूछताछ के बाद धीरे-धीरे इस धंधे से जुड़े युवकों की चेन बनती गई और पुलिस ने चार को पकड़कर चालान कर दिया। इनमें एक युवक संभल जनपद का भी शामिल है।