करंट से संविदा लाइनमैन की मौत, बिजली घर पर शव रखकर हंगामा, लगाया जाम
ढबारसी (अमरोहा)। आदमपुर थाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन पर फाल्ट ठीक करते समय करंट लगने से संविदा लाइनमैन नरेंद्र 25 पुत्र रामकुमार निवासी गांव बागड़पुर छोईया थाना आदमपुर की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली घर पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया है। आरोप है कि शट डाउन लेकर संविदा लाइनमैन कार्य कर रहा था। इसके बावजूद लापरवाही से बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को उझारी ढबारसी मार्ग पर जाम लगा दिया है। पुलिस लोगों को शांत करने का प्रयास कर रही है।
बताते हैं कि नरेंद्र कुमार ढबारसी बिजली घर के आदमपुर फीडर पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्य करता था। शनिवार की रात करीब 8:00 बजे वह आदमपुर फीडर पर लाइन में हुए फाल्ट को ठीक करने के लिए बिजली घर से शटडाउन लेकर गया था। खंभे पर चढ़कर फाल्ट ठीक करते समय अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। जिसकी चपेट में आकर लाइनमैन झुलस गया।
उपचार के लिए उसे आदमपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां देर रात मौत हो गई।
रविवार की सुबह घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण एकत्र होकर मृतक के शव को लेकर ढबारसी बिजली घर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही विधायक महेंद्र खड़कवंशी भी पहुंच गए। आदमपुर पुलिस हंगामा कर रहे लोगों को समझाने में जुटी है। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात एसएसओ और जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए। थाना अध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। जो भी तहरीर मिलेगी। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।