गजरौला (अमरोहा)। लॉकडाउन के दौरान आर्थिक मदद के उद्देश्य से जनधन खाताधारक महिलाओं को सरकार की ओर से दी गई पांच सौ रुपये की अनुदान राशि खातों में आने की खबर पर महिलाएं रुपये निकालने के लिए बैंक शाखाओं में उमड़ पड़ीं। भारी भीड़ को देख सोशल डिस्टेंस को खतरा देख स्टाफ ने उन्हें टोका तो महिलाएं भड़क गईं और उनकी स्टाफ से तीखी नोकझोंक हुई।
शुक्रवार की सुबह से नगर में पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक, प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक, सिंडीकेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, केनरा बैंक, कॉरपोरेशन बैंक आदि बैंक की शाखाओं के बाहर महिला खाताधारकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। पता चला कि सरकार द्वारा जनधन खाताधारक महिलाओं को पांच-पांच सौ रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की गई है। महिलाएं इसी रकम को निकालने के लिए बैंक शाखाओं में आई थीं। बैंक के गार्ड द्वारा एक बार में चार से अधिक ग्राहकों को भीतर नहीं जाने देने और सोशल डिस्टेंस के लिए एक-एक मीटर की दूरी पर लाइन लगाकर खड़ा होने के लिए कहने पर कई महिलाएं गार्ड और बैंक स्टाफ से भिड़ गईं। इनका कहना था कि वे काफी दूर से आईं हैं। उन्होंने हंगामा भी किया। सूचना मिलने पर वहां पहुंची 112 डायल एवं थाना पुलिस ने उन्हें समझाबुझाकर शांत किया।