ढबारसी (अमरोहा)। आदमपुर थाना क्षेत्र में भाई के डांटने के डर से युवक ने कीटनाशक पीकर जान दे दी। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया है।
आदमपुर थाना क्षेत्र का एक युवक रविवार को बाइक से गांव के रहने वाले साथी के साथ उझारी गया था। वह बड़े भाई की बाइक को बिना बताए लेकर गया था। खाद का कट्टा लेकर लौट रहा था। तभी कुआंडाली मोड़ के निकट साइकिल से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों जख्मी हो गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक टूटने से युवक के मन में भाई के गुस्से का डर बैठ गया। बताया जा रहा है कि उसने घर आते ही कीटनाशक पी लिया। युवक की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे ढबारसी ले गए। जहां उसे मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन जाते समय रास्ते में ही उसकी सांसे थम गई। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।