भोपाल: पानी की बोतलों में छिपाकर ले जा रहा था 2.25 करोड़ की एमडी ड्रग्स, भोपाल में मैकेनिकल इंजीनियर गिरफ्तार
भोपाल के आईएसबीटी पर गोविंदपुरा पुलिस ने पानी की बोतलों में छिपाकर ले जाई जा रही 970 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ कर्नाटक के मैकेनिकल इंजीनियर को गिरफ्तार किया। ड्रग्स की कीमत 2.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
पढ़ा-लिखा और मैकेनिकल इंजीनियर होने के बावजूद एक युवक ने कमाई के लिए ड्रग्स तस्करी का रास्ता चुन लिया। पुलिस की नजरों से बचने के लिए उसने एमडी ड्रग्स को पानी की बोतलों में छिपाया और दिल्ली से नागपुर जा रही बस में सवार हो गया। गोविंदपुरा पुलिस ने आरोपी को 970 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, गोविंदपुरा थाना पुलिस की टीम आईएसबीटी के पास वाहनों और अंतरराज्यीय यात्री बसों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली से नागपुर जा रही एक बस को जांच के लिए रोका गया। यात्रियों की तलाशी के दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने उसके सामान की बारीकी से जांच की तो पानी की बोतलों में छिपाकर रखी गई करीब 970 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
कर्नाटक का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाख एएन निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। वह पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर बताया जा रहा है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि वह दिल्ली से ड्रग्स लेकर नागपुर जा रहा था। हालांकि, ड्रग्स की सप्लाई किसे की जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा होना बाकी है।
पढ़ें: राजसी स्वरूप में सजे बाबा महाकाल: चंद्रमा-त्रिशूल और त्रिनेत्र से किया श्रृंगार, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स उसे दिल्ली में किसने उपलब्ध कराई थी और नागपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पुलिस को आशंका है कि इस कारोबार के पीछे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
18 दिन में आईएसबीटी पर ड्रग्स तस्करी के तीन बड़े मामले
भोपाल का आईएसबीटी पिछले कुछ समय से ड्रग्स तस्करों की आवाजाही के बड़े केंद्र के रूप में सामने आया है। खास बात यह है कि लंबी दूरी की यात्री बसों का इस्तेमाल ड्रग्स की तस्करी के लिए किया जा रहा है। इससे पहले महज 18 दिनों के भीतर राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने यहां तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 16.064 किलो सिंथेटिक ड्रग्स जब्त की थी। इनकी अनुमानित कीमत करीब 12.85 करोड़ रुपये बताई गई थी।
14 अक्टूबर को डीआरआई ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सफर कर रही 32 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया था। उसके बैकपैक के गुप्त हिस्से से 1.885 किलो और पर्स से 719 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुई थी। कुल 2.604 किलो ड्रग्स की कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
20 अक्टूबर को आईएसबीटी पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में एक युवक को पकड़ा गया था। उसके दो ट्रॉली बैग से 11 प्लास्टिक पैकेटों में रखी 9.139 किलो मेथामफेटामाइन बरामद हुई थी। इसकी कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपये बताई गई थी।
वहीं, 1 नवंबर को भी डीआरआई ने दिल्ली से भोपाल पहुंचे दो युवकों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 4.321 किलो एम्फेटामाइन जब्त की गई थी। एक आरोपी के बैग से आठ पैकेटों में 4.071 किलो ड्रग्स मिली थी, जबकि दूसरे ने 250 ग्राम ड्रग्स पैंट के अंदर काले पाउच में छिपा रखी थी। इसकी कुल कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

