मंडी धनौरा (अमरोहा)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी विजयपाल सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसानों के धैर्य की परीक्षा न ले। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश का किसान बर्बाद होता जा रहा है। वह ग्राम फत्तेपुर स्थित किसान भवन पर भाकियू की एक पंचायत में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह की जयंती पर तीन दिवसीय खेल महोत्सव मनाए जाने का फैसला लिया गया। महोत्सव में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मुख्य अतिथि होंगे।
भाकियू नेता ने कहा कि गन्ने के समर्थन मूल्य में कोई वृद्धि नहीं की गई है। किसानों के काम आने वाली वस्तुएं महंगी कर दी गई है। जबकि किसान की उपज सस्ती होती जा रही है। गन्ने का रेट 450 रुपए प्रति कुंतल किए जाने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनका वादा याद दिलाते हुए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को तत्काल लागू किए जाने की मांग की। पंचायत में पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह की जयंती पर खेल महोत्सव मनाने का भी निर्णय लिया गया। इसमेें कुश्ती, दंगल और युवाओं के लिए दौड़ आयोजित की जाएगी। पंचायत में दानवीर सिंह, जिलाध्यक्ष डूंगर सिंह, आलोक कुमार, दिनेश प्रधान, चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद थे।