गजरौला (अमरोहा)। मंत्री जी, हमारे अर्जुन को पुलिस ने मार दिया। यह सुनिए उसकी ऑडियो रिकार्डिंग। हमें इंसाफ चाहिए। वरना हम आंदोलन के लिए विवश होंगे। यह कहना था देहात थाना क्षेत्र के गांव जसपुरी बमनिया से आए अर्जुन के परिजनों एवं ग्रामीणों का। बाद में उन्होंने मंत्री को पत्र भी सौंपा। मंत्री ने उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। बुधवार को देहात थाना क्षेत्र के गांव जमपुरी बमनिया के ग्रामीण यहां कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के कैंप कार्यालय पर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर गांव निवासी हरनाम सिंह के पुत्र अर्जुन की देहात थाने के नन्हेड़ा चौकी पुलिस द्वारा गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए उन्हें अर्जुन की ऑडियो रिकार्डिंग सुनवाई। ग्रामीणों एवं परिजनों का कहना था कि पुलिस ने भोलेभाले अर्जुन की हत्या कर दी और अब पुलिस प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने मंत्री से इंसाफ की गुहार लगाई। बाद में अर्जुन के पिता हरनाम सिंह ने उन्हें पत्र भी सौंपा। इसमें उनके पुत्र के हत्यारों को सजा दिलाने की मांग की गई है। मंत्री ने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर राहुल कुमार, तेजपाल सिंह, बंटी, सुशील, राजवीर, रामवीर सिंह, कुंवरपाल, रामवीर सिंह गुर्जर, प्रकाश सिंह, सोविंद्र सिंह, ब्रह्म सिंह, राजेश, राजपाल, गजेंद्र, वीर सिंह आदि रहे।