Amroha Double Murder: हत्या से पहले अनिरुद्ध व रतनपाल को पिलाई थी शराब, साजिश में लगातार शामिल रहा पूरन
गजरौला में मेरठ निवासी फार्म हाउस मालिक और उनके नौकर की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला है कि हत्याकांड के साजिशकर्ता ने पूरन के माध्यम से शराब पिलाई थी। इसके बाद हत्याकांड को अंजाम दिया था।
विस्तार
गजरौला के गुलालपुर के जंगल में नौ अक्तूबर की रात अनिरुद्ध और रतनपाल भाटी को हत्या करने से पहले हापुड़ के नया गांव निवासी पूरन ने शराब पिलाई थी। उसने यह काम गजरौला थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी जितेंद्र भड़ाना के कहने पर किया था। पुलिस ने पूरन को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने शराब पिलाने की बात कबूल की।
शुक्रवार को पुलिस ने उसका चालान कर दिया। मेरठ के सीना निवासी अनिरुद्ध व गौतमबुद्धनगर नगर के बोड़ाकी गांव निवासी रतनपाल भाटी की बलकटी व नल के हत्थे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या की गई, जबकि फार्म हाउस पर रहने वाला नया गांव निवासी नौकर जीतपाल को अधमरा कर छोड़ा था।
हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर निवासी अशोक पर गांव के ही विनय, कपिल, दिनेश, गजरौला थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी जितेंद्र भड़ाना, हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी चंद्रपाल, हैदरपुर निवासी सुरेंद्र व उसके भाई सुरजन और मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के सारंगपुर निवासी अब्बास, भड़ौली निवासी अंकुर उर्फ बाेलू के साथ मिल कर वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस की छानबीन में पता चला कि अनिरुद्ध, रतनपाल भाटी व जीतपाल शराब के नशे में थे। पुलिस ने आसपास के लोगों के साथ ही जेल भेजे गए आरोपियों से भी पूछताछ की तो सामने आया कि तीनों को जितेंद्र भड़ाना के कहने पर नया गांव निवासी पूरन ने गढ़मुक्तेश्वर के ठेके से लाकर शराब पिलाई।
जिसके चलते तीनों नशे में सो गए थे। पुलिस का कहना है कि पूरन दोहरे हत्याकांड के मास्टर माइंड अशोक का करीबी है। वह अशोक के साथ रहने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के लिए शराब का इंतजाम करता था। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि आरोपी का चालान कर दिया गया है।