Amroha: बुखार से पांच वर्षीय मासूम समेत तीन की मौत, सरकारी अस्पतालों के सभी बेड फुल, गांवों में मचा कोहराम
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि मंगलवार को जिला अस्पताल के वार्डों में बुखार के 48 मरीज भर्ती थे। 1237 मरीजों की ओपीडी हुई। जिसमें 127 मरीज बुखार के निकले।
विस्तार
हसनपुर और धनौरा में बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना बुखार से किसी ना किसी व्यक्ति की मौत हो रही है। हसनपुर के गांव ढक्का में किसान सत्तार (50) तो गांव हुसैनपुर में अजीत के पुत्र सक्षम (5) की बुखार से मौत हो गई।
धनौरा के गांव पतेई एमन निवासी ग्रामीण करतार सिंह (55) की बुखार से जान चली गई। उधर, जिला अस्पताल में भी बुखार के मरीजों की भरमार है। हसनपुर क्षेत्र के गांव ढक्का निवासी किसान सत्तार को आठ दिन से बुखार आ रहा था।
परिजन पास के निजी चिकित्सक से उपचार करवा रहे थे। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उपचार के लिए दिल्ली ले गए। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक ने अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ी।
उधर, गांव हुसैनपुर निवासी अजीत प्रजापति का पुत्र सक्षम को पिछले छह दिन से बुखार आ रहा था। परिजन पास के ही निजी चिकित्सक से उपचार करवा रहे थे। लेकिन मासूम की हालत में सुधार नहीं हुआ। मुरादाबाद के अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम की मौत हो गई।
मृतक एलकेजी का छात्र था। वह दो भाई बहनों में इकलौता बेटा था। उधर, मंडी धनौरा के गांव पतेई एमन निवासी ग्रामीण करतार सिंह को सात दिनों से बुखार आ रहा था। गजरौला में भी उनका उपचार कराया गया।
आराम नहीं मिलने पर परिजन उनको मेरठ के मिलिट्री अस्पताल ले गए। वहां सोमवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
फौजी बेटा अंतिम दर्शन के लिए नहीं आ सका
मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव पतेई एमन निवासी ग्रामीण करतार सिंह की बुखार से मौत से परिवार के लोगों का बुरा हाल है। उधर, पिता की तबीयत नाजुक होने की जानकारी मिलने पर बड़ा व मझला बेटा छुट्टी लेकर गांव आ गए थे।
सबसे छोटे बेटे कोशिंदर भाटी की पोस्टिंग श्रीनगर के गुरेज सेक्टर में हैं। छुट्टी नहीं मिलने की वजह से वह अपने पिता की मौत पर अंतिम दर्शन के लिए गांव नहीं आ सका। परिजनों ने मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
आठ डेंगू पॉजिटिव और मिले
अमरोहा जिले बुखार के साथ डेंगू का असर कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल 18 डेंगू आशंकित पहुंचे थे। जिनका रेपिड टेस्ट कराया गया। जांच में आठ मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए। उनकी एलाइजा जांच की जा रही है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि मंगलवार को जिला अस्पताल के वार्डों में बुखार के 48 मरीज भर्ती थे। वहीं, 1237 मरीजों की ओपीडी हुई। जिसमें 127 मरीज बुखार के निकले। जिन्हें दवाई देकर भेज दिया गया।