Amroha: युवती के अश्लील फोटो कर दिए वायरल.. आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं, एसपी दफ्तर में धरने पर बैठी पीड़िता
युवती की अश्लील फोटो वायरल करने के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने एसपी दफ्तर में धरना दिया। पीड़िता ने जांच अधिकारी पर भी कई आरोप लगाए हैं।
विस्तार
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो वायरल करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज युवती सोमवार को एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई। मुकदमे के विवेचक पर भी गंभीर आरोप लगाए। एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुरादाबाद जनपद के छजलैट थानाक्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती ने 23 अप्रैल को बिजनौर जनपद के रहने वाले शुभम चौधरी और उसकी पत्नी पर धमकी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठी पीड़िता का आरोप है कि उसके अश्लील फोटो तीन आईडी से वायरल किए गए, जिसमें एक आईडी शुभम चौधरी की है, लेकिन पुलिस शुभम चौधरी की आईडी की जांच नहीं कर रही है।
इतना ही नहीं आरोपी व्यक्तिगत आईडी से पीड़ित पर तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में पत्र देकर आरोपी शुभम चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घर में घुसकर किशोरी से की छेड़खानी, विरोध पर पीटा
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक किशोरी से छेड़खानी की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी और उसके परिवार के साथ मारपीट की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित किशोरी के पिता ने बताया कि 26 जून की शाम सात बजे सिविल लाइंस के भीमाठेर निवासी रिजवान, कैफ, तहजीब, अरबाज, नफीस, अनीस, जैश और पांच अज्ञात लोग घर में घुस आए और मारपीट व जान से मारने की धमकी दी। घर में मौजूद 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी की।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया। पीड़िता के पिता ने सिविल लाइंस सीओ अर्पित कपूर से शिकायत की। सीओ अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।