Amroha: हाईवे पर मैली गिरने के कारण हुई फिसलन से हादसे का शिकार हुई रोडवेज बस, खड़े ट्रक में घुसी, चार घायल
ब्रजघाट चौकी के निकट सोमवार की देर शाम मैली से भरा ट्रक खड़ा था। उससे हाईवे पर मैली बिखर गई थी। गीली मैली पर फिसलन अधिक होती है। हाईवे पर खड़े ट्रक को देख चालक ने बस के इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन मैली बिखरी होने के कारण बस नियंत्रित नहीं हुई। वह पीछे से ट्रक में जा घुसी।
विस्तार
हाईवे पर मैली भरे ट्रक में अमरोहा डिपो की रोडवेज बस घुस जाने से परिचालक साइड से बस क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार दस वर्षीय बालक सुंदर सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को गढ़मुकतेश्वर की सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से दो घायल गंभीर नहीं होने के कारण गंतव्य को रवाना हो गए।
ब्रजघाट चौकी के निकट सोमवार की देर शाम मैली से भरा ट्रक खड़ा था। उससे हाईवे पर मैली बिखर गई थी। गीली मैली पर फिसलन अधिक होती है। देर शाम अमरोहा डिपो की रोडवेज बस को लेकर चालक साहब मोहम्मद शाहजहांपुर से दिल्ली जा रहा। बस में 30 यात्री सवार थे। हाईवे पर खड़े ट्रक को देख चालक साहब मोहम्मद ने बस के इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन मैली बिखरी होने के कारण बस नियंत्रित नहीं हुई। वह पीछे से ट्रक में जा घुसी। जिससे बस में सवार शाहजहांपुर निवासी राम सिंह, दस वर्षीय बालक सुंदर, आसिफ और बरेली की महिला सुखदेवी घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी पहुंच गए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एंबुलेंस पहुंच गई। उसने घायल सुंदर व राम सिंह को तुरंत हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर सीएचसी में भर्ती कराया। आसिफ व सुखदेवी निकट के निजी अस्पताल में भर्ती कराए। हादसे की सूचना पाकर सीओ मंडी धनौरा अरुण कुमार सिंह गढ़मुक्तेश्वर सीएचसी पहुंचे। घायल राम सिंह व सुंदर का हाल चाल जाना। थोड़ी देर बाद डीएम बीके त्रिपाठी, एसपी आदित्य लांग्हे और एसडीएम धनौरा ने भी मौके पर जाकर घायलों की जानकारी ली। घायलों का हाल चाल जाना। सीओ ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया है।
हादसे के बाद जिले के अफसरों में मची खलबली
अमरोहा डिपो की रोडवेज बस खड़े ट्रक में घुस जाने की खबर से अफसरों में खलबली मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस और प्रशासनिक अफसर घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक भी मौके पर पहुंच गए। डीएम-एसपी, सीओ और एसडीएम धनौरा भी घटना स्थल पर पहुंचे। मगर घटना स्थल हसनपुर तहसील क्षेत्र में आता है। इसलिए हसनपुर के एसडीएम विजय शंकर भी मौके पर पहुंचे।
फायर ब्रिगेड से कराई हाईवे की धुलाई
ओवरलोड ट्रक से मैली गिरने के कारण हुई फिसलन से रोडवेज बस ही हादसे का शिकार नहीं हुई बल्कि दो पहिया वाहन भी हादसे के शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मैली से गुजरने वाले वाहनों के पहिए फिसल कर दूर जा रहे थे। कई दो पहिया वाहन सवार भी चोटिल हो गए। रात भर लोग हादसे का शिकार न होते रहें, इसलिए गढ़मुक्तेश्वर के टोल प्लाजा से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगाई। हाईवे को धुलवाया गया।