Amroha News: सड़क पर मैली जमा होने से 12 बाइकें फिसलीं, 20 लोग जख्मी
अमरोहा में हल्की बूंदाबांदी ने कुछ ही मिनटों में ही हड़कंप मचा दिया। मंडी धनौरा-अमरोहा मार्ग पर चीनी मिल के सामने सड़क पर जमी मैली बारिश के साथ फिसलन में बदल गई और चंद मिनटों के भीतर करीब 12 दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। बाइक सवार सड़क पर फिसलते हुए गिरते चले गए।
कई बाइक सवार तो संतुलन खोने के बाद अपनी बाइक के साथ काफी दूर तक घिसटते चले गए। यह पूरी घटना वहां मौजूद ग्रामीणों के मोबाइल कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गनीमत रही कि सभी को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि चीनी मिल से निकलने वाली मैली किसान खाद के रूप में इस्तेमाल करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाते हैं। इसी दौरान रास्ते में मैली सड़क पर गिरकर जम गई।
सूखे मौसम में यह उतनी खतरनाक नहीं होती लेकिन बारिश की हल्की बूंदाबांदी इसे बेहद फिसलन भरा बना देती है। शुक्रवार सुबह जैसे ही बूंदाबांदी शुरू हुई, वैसे ही चीनी मिल के सामने यह हिस्सा दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित होने लगा।
लगातार हो रहे हादसों की सूचना मिलने पर वेव शुगर मिल के प्रबंधन ने तुरंत दमकल की गाड़ी मंगवाई। दमकल की मदद से सड़क पर जमी मैली पर पानी का छिड़काव कर सफाई कराई गई। इसके बाद जाकर हालात काबू में आए और यातायात सामान्य व जोखिम रहित हो सका।
घटना के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि चीनी मिल प्रबंधन और प्रशासन को मैली के सड़क पर गिरने की समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। जिससे की हादसे नहीं हो।