{"_id":"69f0cd4e711f0cb9fa0b54ff","slug":"amroha-lawyer-attacked-with-blowpipe-at-hasanpur-civil-court-woman-arrested-lawyers-create-uproar-2026-04-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमरोहा: हसनपुर सिविल कोर्ट परिसर में वकील पर फूंकनी से हमला, महिला गिरफ्तार; अधिवक्ताओं का हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमरोहा: हसनपुर सिविल कोर्ट परिसर में वकील पर फूंकनी से हमला, महिला गिरफ्तार; अधिवक्ताओं का हंगामा
Tue, 28 Apr 2026 08:38 PM IST
Vimal Sharma
संवाद न्यूज एजेंसी, हसनपुर (अमरोहा)
संवाद न्यूज एजेंसी, हसनपुर (अमरोहा)
Published by: Vimal Sharma
Updated Tue, 28 Apr 2026 08:38 PM IST
सार
हसनपुर सिविल कोर्ट परिसर में एक महिला ने अधिवक्ता ईश्वरचंद्र पर फूंकनी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज कर ली है। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने सख्त कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
वकील पर हमला
- फोटो : संवाद
विस्तार
हसनपुर के सिविल कोर्ट परिसर में मंगलवार को एक महिला ने अधिवक्ता पर फूंकनी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए अधिवक्ताओं ने जमकर हंगामा किया और थाने पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के गांव मल्ल वाली डगरौली निवासी ईश्वरचंद्र अधिवक्ता हसनपुर के सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं। अधिवक्ता के अनुसार, वह मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे कोर्ट रूम में मौजूद थे, तभी क्षेत्र के एक गांव की महिला वहां पहुंची और अपने थैले से फूंकनी निकालकर उन पर हमला कर दिया।
विज्ञापन
अचानक हुए हमले में वह लहूलुहान हो गए। घटना की जानकारी पर अन्य अधिवक्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। घटना से आक्रोशित अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नंदराम सिंह ने बताया कि सभी अधिवक्ता पीड़ित के साथ हैं। उन्होंने इसे अधिवक्ता समाज के लिए निंदनीय बताते हुए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि लगातार अधिवक्ताओं पर हमले बढ़ रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर आरोपी महिला पुष्पा निवासी गांव करनखाल के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी महिला का कहना है कि उसका एक मारपीट का मामला अधिवक्ता ईश्वरचंद्र के पास चल रहा था। आरोप है कि अधिवक्ता ने उसकी ओर से प्रभावी पैरवी नहीं की। जिससे वह नाराज थी।