यूपी: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़ी बस में ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत, चार घायल; रास्ते पर बिखरे लोग
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाराबंकी के सुबेहा क्षेत्र में खड़ी डबल डेकर बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस और ट्रक चालकों की मौत हो गई, जबकि चार यात्री घायल हुए। तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है।
विस्तार
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए हादसे में खड़ी डबल डेकर बस में तेज रफ्तार ट्रक पीछे से जा भिड़ा। हादसे में बस और ट्रक चालकों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार चार यात्री घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसा बाराबंकी के सुबेहा क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस में करीब 80 यात्री सवार थे। पुलिस के मुताबिक बस पंचर होने के बाद एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी थी। बस चालक अक्षय निवासी मधुबनी, बिहार और ट्रक चालक वीर चंद्र राय निवासी करहिया बुजुर्ग, बिहार बस के पीछे खड़े होकर पंचर बदलने का प्रयास कर रहे थे।
कई को दूसरी बस से भेजा
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आया ट्रक दोनों को चपेट में लेते हुए खड़ी बस से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चार यात्री घायल हुए, जबकि अन्य यात्रियों को चोट नहीं आई। सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
घायलों को बाजार शुकुल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राहुल कुमार मंडल, अजय कुमार बिंद और मदन कुमार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं डब्लू कुमार का सीएचसी में उपचार चल रहा है।
सीओ अतुल सिंह ने बताया कि हादसा बाराबंकी के सुबेहा क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ। घायलों को बाजार शुकुल सीएचसी लाया गया था, जहां से तीन को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में शामिल ट्रक को सुबेहा पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।