{"_id":"589a0ab44f1c1b90523795c1","slug":"worker-s-death-from-high-voltage-current-two-serious","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाईवोल्टेज करंट से मजदूर की जान गई, दो गंभीर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाईवोल्टेज करंट से मजदूर की जान गई, दो गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
Updated Tue, 07 Feb 2017 11:29 PM IST
विज्ञापन
बिजली का झटका
- फोटो : symbolic
थाना क्षेत्र अंतर्गत चितईपट्टी गांव में सोमवार देर शाम तिलक समारोह के लिए लगा टेंट उतारते समय लोहे का पाइप हाईटेंशन तार पर गिर गया। इससे हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आकर एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों को जलालपुर नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
उधर पुलिस ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इंकार किया है। चितईपट्टी गांव निवासी निरंकार तिवारी के घर सोमवार को तिलक समारोह का आयोजन था। देर शाम कार्यक्रम निपटने के बाद जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिपाह स्थित टेंट हाउस से आए मजदूर टेंट उतारने लगे। बताया जाता है कि इसी बीच टेंट में लगा लोहे का एक पाइप बगल से गुजर रहे हाईटेंशन तार पर गिर पड़ा।
विज्ञापन
इससे पूरे टेंट हाउस में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया। नतीजतन टेंट उतार रहे विशाल (18) पुत्र रामधनी निवासी रामपुर कला थाना जैतपुर, बब्लू (20) व पप्पू (21) निवासी सिपाह थाना जलालपुर करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। बब्लू व पप्पू टेंट हाउस मालिक चिराग अली के रिश्तोदार बताए जाते हैं। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन
आननफानन में तीनों को जलालपुर नगर स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से झुलसे अन्य दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। बाद में परिवारीजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई न किए जाने की बात कहते हुए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, एसओ जलालपुर परमानंद राम ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी प्रकार की घटना की जानकारी नहीं है।