फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   Relief to patients, got four new dialysis machines

मरीजों को राहत, मिलीं चार नई डायलिसिस मशीनें

Mon, 04 Apr 2022 11:34 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Mon, 04 Apr 2022 11:34 PM IST
विज्ञापन
Relief to patients, got four new dialysis machines
अंबेडकरनगर। किडनी रोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शासन ने जिला अस्पताल को 32 लाख रुपये की 4 नई डायलिसिस मशीनों की सौगात दी है। जर्मनी से यह मशीनें जिला अस्पताल में पहुंच चुकी हैं। ऐसे में अब जिला अस्पताल में कुल 10 मशीनों से 30 मरीजों की प्रतिदिन डायलिसिस हो सकेगी। मौजूदा समय में जिला अस्पताल में सिर्फ 6 मशीनें ही संचालित हैं, जिनसे सिर्फ 18 मरीजों का ही उपचार हो पाता है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक चार नई डायलिसिस मशीनें मिल गई हैं। इसी माह के अंत तक इनके सुचारु संचालन की उम्मीद है। तीन अतिरिक्त स्टाफ की जरूरत है। इसके लिए निदेशालय से पत्राचार किया गया है। जिला अस्पताल में डायलिसिस के लिए मशीनों की संख्या बढ़ने से अब किडनी रोगियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और न ही गैर जनपदों का रुख करना पड़ेगा।
विज्ञापन

केंद्र व प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिला अस्पताल में जहां पिछली योगी आदित्यनाथ की सरकार ने किडनी रोगियों के लिए 6 डायलिसिस मशीनों की सौगात दी थी, वहीं दूसरी बार सरकार बनने पर फिर जिला अस्पताल को चार नई मशीनों की सौगात मिली है। करीब डेढ़ दशक पहले जिला अस्पताल का शुभारंभ हुआ था। इसके बाद से लगातार जनपदवासी मांग कर रहे थे कि जिला अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा प्रदान की जाए, जिससे किडनी रोगियों का उपचार आसानी से हो सके।
विज्ञापन

जिला अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा न होने के चलते जिले के किडनी रोगियों को अयोध्या या फिर लखनऊ तक की दौड़ लगानी पड़ती थी। प्रदेश में योगी सरकार आने पर जिला अस्पताल को डायलिसिस सेवा की सौगात मिली। 22 जुलाई 2021 को जिला अस्पताल में 6 मशीनों के साथ डायलिसिस सेवा शुरू हुई। इन मशीनों से एक दिन में सिर्फ 18 मरीजों की ही डायलिसिस हो पाती है। जिले में लगातार बढ़ रहे किडनी रोगियों की संख्या के चलते यह मशीनें नाकाफी साबित हो रही थीं। इसके चलते कई बार रोगियों को डायलिसिस कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मरीजों की इन्हीं मुश्किलों को दूर करने के लिए प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी तो सरकार ने जिला अस्पताल को 4 और नई मशीनों की सौगात दी है। लगभग 32 लाख रुपये की यह मशीनें जिला अस्पताल में पहुंच चुकी हैं। उम्मीद है कि अप्रैल के अंत तक इन मशीनों को स्थापित कर मरीजों के उपचार की सेवा शुरू हो जाएगी। जिला अस्पताल में डायलिसिस सेवा का संचालन कर रही डीसीडीसी किडनी केयर दिल्ली के मैनेजर शुभम गिरि ने बताया कि 4 और मशीनें पहुंच चुकी हैं। इनके संचालन के लिए तीन अतिरिक्त स्टाफ की जरूरत होगी। इसके लिए भी निदेशालय को पत्र लिखा गया है। मौजूदा समय में उनके पास 9 स्टाफ उपलब्ध है, जिससे 6 मशीनों का का संचालन किया जा रहा है।
लोगों ने जतायी खुशी
जिला अस्पताल को सरकार की ओर से 4 नई डायलिसिस की मशीनों की सौगात दिए जाने पर लोगों ने खुशी का इजहार किया है। कटरिया बड़ागांव निवासी अनंतराम वर्मा ने कहा कि सरकार ने जिला अस्पताल को एक वर्ष के अंदर ही दो बार में 10 मशीनों की सौगात कर सराहनीय काम किया है। कहा कि सरकार को प्राथमिकता के साथ इसका संचालन भी कराना चाहिए। किडनी से पीड़ित मरीज कोमल ने कहा कि डायलिसिस मशीनों की संख्या बढ़ाया जाना बहुत जरूरी था। कई बार डायलिसिस कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। मशीनों की संख्या बढ़ जाने पर अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अकबरपुर निवासी सुदर्शन अग्रवाल ने कहा कि नई मशीनों से भी डायलिसिस की सुविधा अविलंब शुरू करनी चाहिए। इसके अलावा एक दर्जन अतिरिक्त मशीनें लगाए जाने की जरूरत है।

10 अतिरिक्त मशीनों की करेंगे मांग
जिला अस्पताल में आ रहे मरीजों की तादाद को देखते हुए अभी 10 अतिरिक्त मशीनों की जरूरत है। इसके लिए जल्द ही निदेशालय को मांग भेजी जाएगी। जिला अस्पताल में 6 मशीनें संचालित हैं, और 4 मशीनें 10 दिन पहले पहुंची हैं। उन्हें लगाने का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। इसी माह के अंत तक नई मशीनों से डायलिसिस सेवा शुरू कर दी जाएगी। मरीजों को बेहतर सेवा देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
-डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस जिला अस्पताल
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed