अंबेडकरनगर: प्रधानाध्यापक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद भाग निकले बदमाश
भीटी थाना क्षेत्र का इटवा गांव शनिवार को दोपहर बाद डेढ़ बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक एक बाइक पर सवार दो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि वहां भीटी थाना क्षेत्र की थरिया कला ग्राम पंचायत के मजरा पहली मिश्र का पूरा निवासी रामशंकर मिश्र (46) खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंबेडकरनगर के भीटी निकटवर्ती सुल्तानपुर जनपद के प्राथमिक विद्यालय वीरमलपुर में तैनात प्रधानाध्यापक की बदमाशों ने शनिवार को अपराह्न दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब वे बाइक से स्कूल से घर जा रहे थे। इटवा गांव के निकट बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर प्रधानाध्यापक को मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी समेत कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए क्राइम ब्रांच समेत चार टीमों का गठन किया गया है। उधर, देर शाम पुलिस ने मामले में आरोपी महिला व उसके मौजूदा पति को हिरासत में ले लिया है।
भीटी थाना क्षेत्र का इटवा गांव शनिवार को दोपहर बाद डेढ़ बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक एक बाइक पर सवार दो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि वहां भीटी थाना क्षेत्र की थरिया कला ग्राम पंचायत के मजरा पहली मिश्र का पूरा निवासी रामशंकर मिश्र (46) खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। बदमाशों ने उन्हें कई गोली मार दी थीं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुुसार बदमाशों ने रामशंकर को निशाना बनाकर छह राउंड फायरिंग की, जबकि पुलिस के अनुसार रामशंकर को सीने व हाथ में गोली लगी है। रामशंकर पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के जयसिंहपुर थाना अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय वीरमलपुर में बतौर प्रधानाध्यापक तैनात थे। वे बाइक से विद्यालय से लौट रहे थे। प्राथमिक विद्यालय इटवा के निकट वे लघुशंका करने के लिए रुके। इसी बीच वहां एक बाइक पर सवार होकर दो बदमाश पहुंचे और उन्हें निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
सूचना के बाद भीटी के साथ ही महरुआ पुलिस मौके पर पहुंची। शिक्षक को आननफानन में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एएसपी संजय राय, एसडीएम भीटी संतोष ओझा, तहसीलदार भीटी ज्ञानेंद्र यादव के अलावा भीटी महरुआ व अहिरौली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। कुछ देर में ही एसपी आलोक प्रियदर्शी भी घटनास्थल पहुंच गए। एसपी ने कहा कि बदमाशों का पता लगाकर उनकी अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
दूसरी पत्नी से चल रहा था विवाद
घटना के कारणों की छानबीन के शुरूआती दौर में पता चला कि रामशंकर ने एक से अधिक विवाह किया था। उनकी पहली पत्नी की जलकर मौत हो गई थी। उन पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज हुआ था। इसमें रामशंकर को जेल भी हुई थी। इसके बाद रामशंकर ने दूसरा विवाह सुल्तानपुर जनपद की एक महिला से किया। महिला ने रामशंकर पर केस करा दिया था। इस बीच रामशंकर ने तीसरा विवाह किया। हालांकि दूसरी पत्नी से विवाद बना रहा। सुल्तानपुर निवासी उस महिला ने हरजाने आदि के लिए हाईकोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां से दलील खारिज हो गई। पुलिस को जांच में पता चला कि महिला के मित्र ने कुछ दिन पहले रामशंकर को धमकाया था कि उसे हरजाने का पैसा दे दो, वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके बाद ही अब शनिवार को रामशंकर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।
भाई ने दर्ज कराया हत्या का केस
रामशंकर की हत्या के मामले में पुलिस ने भाई की तरफ से हत्या का नामजद केस भीटी थाने में दर्ज कर लिया है। एएसपी संजय राय ने बताया कि रामशंकर के भाई ने महिला व एक अन्य के विरुद्घ नामजद तहरीर दी है। आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज हो गया है। उधर, देर शाम पुलिस ने मामले में आरोपी महिला व उसके मौजूदा पति को हिरासत में ले लिया है।