{"_id":"58dfe1d84f1c1bb01063fbcb","slug":"former-village-head-attacked-on-police-team","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्व प्रधान का पुलिस टीम पर हमला, पथराव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पूर्व प्रधान का पुलिस टीम पर हमला, पथराव
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
Updated Sat, 01 Apr 2017 10:52 PM IST
विज्ञापन
पुलिस
- फोटो : symbolic
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मार्ग दुर्घटना मामले में वांछित ट्रैक्टर लेने गए सम्मनपुर थाने के दरोगा को मछलीगांव के पूर्व प्रधान ने शनिवार को थप्पड़ जड़ दिया। बीच-बचाव को आगे आए सिपाही को भी थप्पड़ मार दिया। इसके साथ ही पूर्व प्रधान के ईंट भट्ठे पर मौजूद मजदूरों व कर्मचारियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।
विज्ञापन
बाद में एसडीएम व सीओ के साथ कई थानों की फोर्स पहुंची लेकिन इससे पहले ही आरोपी पूर्व प्रधान मौके से भाग निकला। पुलिस टीम ने आरोपी के गांव तथा सम्मनपुर बाजार स्थित दुकान पर दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने इस दौरान पूर्व प्रधान के दो वाहन अभिरक्षा में ले लिया।
विज्ञापन
गौरतलब है कि करीब एक वर्ष पहले मार्ग दुर्घटना मामले में दर्ज केस में मछलीगांव के पूर्व प्रधान उदयराज यादव का ट्रैक्टर अभिरक्षा में लेने सम्मनपुर पुलिस की टीम शनिवार को उसके ईट भट्ठे पर गई थी। पुलिस टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही पूर्व प्रधान भी पहुंच गया। उसने ट्रैक्टर ले जाने से मना कर दिया।
विज्ञापन
पुलिस टीम ने ट्रैक्टर के केस में वांछित होने का हवाला दिया तो पूर्व प्रधान ने दरोगा साहबलाल को लगातार दो थप्पड़ जड़ दिए। दरोगा को बचाने के लिए सिपाही सचिन आगे आया तो उसे भी पूर्व प्रधान ने पीट दिया। इसके साथ ही पूर्व प्रधान के ललकारने पर उसके ईंट भट्ठे पर मौजूद मजदूर व कर्मचारियों ने पुलिस टीम को दौड़ा लिया।
बताया जाता है कि इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस टीम को वहां से वापस भागना पड़ा। बाद में घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की फोर्स आनन-फानन में मछलीगांव पहुंच गई। एसडीएम जलालपुर शालिनी प्रभाकर, सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र व सीओ जलालपुर राजेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम की घेराबंदी शुरू होने से पहले ही आरोपी पूर्व प्रधान मौके से भाग निकला। पुलिस बल ने हालांकि पूर्व प्रधान के घर तथा सम्मनपुर बाजार स्थित उसकी सीमेंट-मोरंग की दुकान पर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो वाहन अभिरक्षा में ले लिए जो पूर्व प्रधान के बताए जाते हैं।
पुलिस टीम पूर्व प्रधान की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। पूर्व प्रधान के जिस ट्रैक्टर को अभिरक्षा में लेने पुलिस टीम मछलीगांव गई थी, उससे 15 मई 2016 को गोमुनपुर गांव के निकट एक महिला कुचल गई थी। बड़ेपुर गांव निवासिनी महिला उमा देवी पत्नी अवधेश की इस दुर्घटना में मौत हो गई थी।
इसे लेकर दर्ज कराए गए केस में ही पुलिस को ट्रैक्टर की जरूरत थी। कई बार पूर्व प्रधान से कहने के बाद भी वह ट्रैक्टर थाने नहीं भेज रहा था। इसी के चलते पुलिस टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया था। आरोपी पूर्व प्रधान का बीते सपा शासन में खासा दबदबा रहा है। बताया जाता है कि क्षेत्र में उसकी तूती बोलती थी।
इसी के चलते ही दुर्घटना के बाद भी वह अपना वाहन थाने भेजने को तैयार नहीं था। थाने के पुलिसकर्मी भी उसका वाहन कब्जे में लेने को लेकर सहज ढंग से तैयार नहीं थे। इसके चलते ही टीम गठित कर मौके पर भेजी गई थी।
एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रैक्टर को अभिरक्षा में लिए जाने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों से अभद्रता हुई है। पुलिस अधिकारी मौके पर हैं। उनके वापस आने के बाद और ज्यादा डिटेल दिया जा सकेगा। पूर्व प्रधान व अन्य लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।