{"_id":"56f6be414f1c1b2423f14f73","slug":"the-workers-body-was-found-hanging-in-the-office","type":"story","status":"publish","title_hn":"नगर पंचायत दफ्तर में लटकता मिला कर्मी का शव","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
नगर पंचायत दफ्तर में लटकता मिला कर्मी का शव
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
Updated Sat, 26 Mar 2016 10:22 PM IST
विज्ञापन
अंबेडकरनगर के अशरफपुर किछौछा नगर पंचायत कार्यालय में शव मिलने के बाद जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नगर पंचायत किछौछा कार्यालय में कार्यरत चौकीदार का शव शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता हुआ मिला। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों के मुताबिक चौकीदार को कोई पारिवारिक तनाव भी नहीं था। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही तय हो सकेगा कि मौत कैसे हुई। जानकारी के अनुसार बसखारी थाना अंतर्गत वासुदेव गांव निवासी रामसुंदर पासी (55) पुत्र रामलाल नगर पंचायत किछौछा कार्यालय में चौकीदार के पद पर तैनात था। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार रात भी खाना खाने के बाद वह वहां सोने चला गया।
विज्ञापन
शनिवार सुबह कुछ लोगों ने उसका शव भवन की छत पर स्थित एक आरसीसी खंभे से निकली सरिया से लटकता हुआ देखा। उसके गले में विद्युत केबल लिपटा हुआ था जिसका दूसरा सिरा खंभे से निकली सरिया में बंधा था। घटना की सूचना तेजी से चारों तरफ फैली तो देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
विज्ञापन
जानकारी पर एसओ बसखारी मनोज कुमार पंत भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्य गेट का ताला अंदर से बंद होने के चलते कुछ लोग पीछे की दीवार के सहारे छत पर पहुंचे और फिर सीढ़ी से नीचे उतरकर कार्यालय का मुख्य दरवाजा खोला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ मनोज कुमार पंत ने बताया कि मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए टेक्नीशियन को बुलाया गया है। इसमें यह देखा जाएगा कि कार्यालय बंद होने के बाद किसी ने अंदर प्रवेश तो नहीं किया था। बाद में अधिशाषी अधिकारी आलोक कुमार ने केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी।
तहरीर के अनुसार रामसुंदर कार्यालय का स्थाई चौकीदार था। उसका शव लटकता पाया गया है। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा। फिलहाल छानबीन की जा रही है। उधर घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
रामसुंदर ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या हुई है, इसे लेकर चर्चाएं ताज हैं। रामसुंदर के पुत्र ने बताया कि उनके पिता को किसी प्रकार का कोई तनाव नही था। उसने हत्या की आशंका जताई है।