{"_id":"597b76dd4f1c1b5c4f8b458a","slug":"co-injuries-injured-in-stone-pelting","type":"story","status":"publish","title_hn":"भड़के कांवरियों ने फूंकी जीप, पथराव में सीओ भी घायल","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
भड़के कांवरियों ने फूंकी जीप, पथराव में सीओ भी घायल
अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 28 Jul 2017 11:09 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करंट की चपेट में आने से साथी की मौत के बाद भड़के कांवरियों ने शुक्रवार को भी जमकर बवाल किया। उन्होंने पुलिस की एक गाड़ी फूंक दी। तीन अन्य को क्षतिग्रस्त कर डाला। कांवरियों के हमले में सीओ सिटी का कान फट गया। एक पीएसी कर्मी व दो होमगार्ड भी घायल हो गए। सूरापुर बाजार में टांडा-अकबरपुर मुख्य मार्ग जाम करने के साथ ही जमकर हंगामा काटा। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का प्रयोग किया और हवाई फायरिंग भी की।
विज्ञापन
अकबरपुर क्षेत्र के कटौना शिवालय में शुक्रवार को के पास कांवरियों के रुकने के लिए टेंट लगाया गया था। टेंट को उतारने के दौरान ऊपर से गुजरी विद्युत लाइन में लोहे का पाइप छू गया। उससे उतरे करंट की चपेट में आकर अलीगंज क्षेत्र के गोपालपुर से आए कांवरिये राम अशीष राजभर (26) की मौत हो गई। छह अन्य कांवरिये झुलस गए।
विज्ञापन
अधिकारी जब तक हालात की गंभीरता समझ पाते तब तक कांवरिये साथी की मौत पर भड़क गए। कांवरियों का आरोप था कि आयोजन स्थल के ठीक ऊपर से विद्युत तार गुजरने के चलते शटडाउन लिया गया था, फिर सप्लाई कैसे चालू कर दी गई। कांवरियों ने कुछ ही देर में पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
विज्ञापन
अलीगंज पुलिस की जीप को क्षतिग्रस्त करने के बाद उसमें आग लगा दी। इसके बाद कांवरियों ने सूरापुर बाजार में सड़क जाम कर दी। पथराव में सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र, एसडीएम का चालक सरफराज, पीएसी जवान किरण पाल, होमगार्ड जवान धर्मेंद्र मिश्र व घनश्याम घायल हो गए। सीओ सिटी के कान में चार टांके लगे हैं।
कांवरियों के उग्र होने और हिंसा करने की सूचना पर डीएम अखिलेश सिंह व एसपी सुधीर सिंह के साथ पुलिस बल ने कांवरियों पर बल प्रयोग शुरू किया। सड़क से लेकर खेतों तक कांवरियों से पुलिस का सामना हुआ। पथराव के बीच पुलिस ने आंसू गैस का प्रयोग किया। उपद्रवियों को काबू में करने के लिए हवाई फायरिंग भी की।
इसके बाद तितर-बितर हुए कांवरियों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पकड़ा। सख्ती के चलते कुछ देर में ही माहौल सामान्य हो गया। एसपी सुधीर सिंह के मुताबिक पथराव व हंगामे में तीन महिलाओं समेत 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।