फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   Bariyavan incident: Eight more arrested, three JCBs seized.

बरियावन प्रकरण : आठ और गिरफ्तार, तीन जेसीबी सीज

Thu, 24 Sep 2026 10:49 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Thu, 24 Sep 2026 10:49 PM IST
विज्ञापन
Bariyavan incident: Eight more arrested, three JCBs seized.
अकबरपुर कोतवाली में गिरफ्तार बरियावन कांड में शामिल आरोपी। स्रोत मीडिया सेल
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के बरियावन बाजार में कीमती जमीन पर कब्जे के लिए 11 घर-दुकानों को जेसीबी से ढहाने के मामले में पुलिस ने आठ और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य साजिशकर्ता जमीन मालिक इंद्रजीत वर्मा और ध्वस्तीकरण के सूत्रधार भाजयुमो के पूर्व कोषाध्यक्ष राहुल चौधरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस की तीन टीमों ने पिछले 24 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आठ आरोपियों को पकड़ा। मामले में तीन जेसीबी मशीनें भी सीज की गई हैं।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, अन्य सूत्रधारों और मददगारों की गिरफ्तारी के लिए अंबेडकरनगर के अलावा अयोध्या, लखनऊ और आसपास के जिलों में भी दबिश दी जा रही है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद कार्रवाई की जद में आए पुलिसकर्मियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाली जा रही है।
विज्ञापन

अकबरपुर के बरियावन किछौछा मार्ग पर 20 सितंबर की रात 50 से अधिक बदमाशों ने तीन जेसीबी मशीनों से 11 घरों और दुकानों को ध्वस्त कर दिया था। घटना के बाद जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी प्राची सिंह ने सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी को पुलिस कार्यालय से संबद्ध कर दिया था। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह, हल्का इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए थे। एक लेखपाल को भी निलंबित किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विशाल वर्मा निवासी राबीबहाउद्दीनपुर, अकबरपुर, साजिद निवासी सकरा युसुफपुर, सम्मनपुर, बृजेश कुमार उर्फ बंटी वर्मा निवासी चंदनपारा, अकबरपुर, कृपा राम वर्मा और संजय वर्मा निवासी आदमपुर धनौरा, टांडा, दिलीप कुमार उर्फ गोलू निवासी पकड़ी भोजपुर, सिकंदर यादव निवासी मयाबाजार छतारा, महाराजगंज, अयोध्या और राजीव वर्मा उर्फ लाठीराम निवासी समसुद्दीनपुर, सम्मनपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले से संगठित गिरोह बनाकर गरीब और कमजोर लोगों की कीमती जमीनों पर कब्जे की गतिविधियों में शामिल रहे हैं। विशाल वर्मा के खिलाफ 10, साजिद के खिलाफ एक और कृपा राम वर्मा के खिलाफ दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
अकबरपुर द्वितीय से चुनाव लड़ने की तैयारी में था राहुल
बरियावन कांड का मुख्य सूत्रधार बताए जा रहे राहुल चौधरी इन दिनों अकबरपुर द्वितीय सीट से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी में था। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा का पूर्व कोषाध्यक्ष भी रह चुका है। सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं और प्रभारी मंत्री के साथ फोटो लगाकर चुनावी दावेदारी से संबंधित पोस्ट भी किए जा रहे थे। 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल में भाजयुमो के संयोजन में हुए रक्तदान शिविर में उसने रक्तदान किया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
बरौली के सत्यम की है जब्त स्कॉर्पियो
बरियावन कांड में जब्त की गई स्कॉर्पियो बसखारी क्षेत्र के अशरफरपुर किछौछा के बरौली गांव निवासी सत्यम सिंह की बताई जा रही है। कागजों में वाहन उसके परिवार की एक महिला के नाम पंजीकृत है। सत्यम बिल्डिंग मैटेरियल का कारोबार और ठेकेदारी करता है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि घटना में उसकी क्या भूमिका रही है।

जल्द गिरफ्तार हाेंगे सभी आरोपी
बरियावन मामले में आठ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तीन जेसीबी मशीनों को सीज कर दिया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। जल्द सभी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
- देवेश चतुर्वेदी, एएसपी पश्चिमी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed