अंबेडकरनगर: अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, जबड़ा और दांत टूटे, मुकदमे की पैरवी की रंजिश में की वारदात
अधिवक्ता पर मुकदमे की पैरवी की रंजिश में जानलेवा हमला किया गया है। उनके सिर, मुंह और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। मामले में तीन नामजद व पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर के खपुरा बाजार में रविवार शाम मुकदमे की पैरवी की रंजिश में जनपद न्यायालय के अधिवक्ता अवधेश पांडेय पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने उनकी बाइक रोककर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। हमले में उनका दायां जबड़ा और दांत टूट गया। सिर, मुंह और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मालीपुर के सैदपुर उमरन निवासी संतोष कुमार पांडेय के अनुसार, उनके भाई अवधेश 22 नवंबर को सम्मनपुर के मछलीगांव जहनियापुर स्थित ननिहाल से बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे खपुरा बाजार पहुंचने पर पहले से घात लगाए जियालाल धुरिया, मेवालाल धुरिया (निवासी मछलीगांव जहनियापुर) और महेंद्र (निवासी खजुरी करौंदी) ने चार-पांच अन्य साथियों के साथ उनकी बाइक रोक ली। मुकदमे की पैरवी को लेकर गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने रॉड से हमला कर दिया। हमलावर उन्हें मरा समझकर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें - लखनऊ: वायु सेना प्रमुख बोले- युवा पीढ़ी की सोच ही तय करेगी भारत का भविष्य, विज्ञान की ताकत को समझने की जरूरत
ये भी पढ़ें - अब एक ट्रैक पर राम-जानकी की नगरी: पीएम मोदी बोले- नेपाल के बिना राम अधूरे, पुनर्निर्माण के लिए खोला खजाना
स्थानीय लोगों ने उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बिजली चोरी के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत
आलापुर क्षेत्र में वर्ष 2022 में दर्ज बिजली चोरी के मामले में अनिल सिंह को कोर्ट से राहत मिल गई है। बकाया बिजली बिल, शमन शुल्क और राजस्व निर्धारण शुल्क जमा करने पर विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम भारतेंदु प्रकाश गुप्ता ने उनके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्रवाई समाप्त करने का आदेश दिया। आरोपी ने कोर्ट में प्रार्थना-पत्र देकर सभी देय धनराशि जमा करने और विभाग से नो-ड्यूज प्रमाणपत्र मिलने की जानकारी दी थी। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने भुगतान की पुष्टि करते हुए कार्रवाई समाप्त करने पर सहमति जताई। विद्युत वितरण खंड आलापुर के अधिशासी अभियंता की रिपोर्ट में भी पूरा भुगतान किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद कोर्ट ने मुकदमे की आपराधिक कार्रवाई समाप्त कर दी।
