घर से बुलाकर युवक की गोली मारकर हत्या
- धूमनगंज के प्रीतमनगर में वारदात, हत्या करने के बाद दोस्त फरार, पुलिस तलाश में जुटी
विस्तार
धूमनगंज के प्रीतमनग में मानस सिंह(22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से कुछ देर पहले ही उसे उसके दो दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। वारदात किसने और क्यों अंजाम दी, पुलिस इसका पता लगाने में देर रात तक जुटी रही। लेकिन यह बात सामने आई है कि घटनास्थल पर मृतक के तीन दोस्तों के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। पुलिस का कहना है कि चारों की तलाश की जा रही है।
अबूबकरपुर निवासी शक्ति नारायण सिंह रेलवे में लोको पायलट के पद से रिटायर हैं। उनके तीन बच्चो में मानस बड़ा था। इसके अलावा उनकी दो बेटियां हैं। शुक्रवार शाम सात बजे के करीब मानस घर पर था। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि इसी दौरान मोहल्ले में ही रहने वाले अमित व प्रियांशु उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। उधर कुछ देर बाद 500 मीटर दूर स्थित निर्माणाधीन मकान से गोली चलने की आवाज आई। आसपास के लोग भागकर पहुंचे तो मानस लहुलुहान जमीन पर पड़ा था। आनफानन में उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिली तो पुलिस एसआरएन अस्पताल पहुंची और फिर जानकारी देकर धूमनगंज पुलिस को मौके पर भेजा गया। तब तक घरवाले भी आ गए। पुलिस देर रात तक जांच पड़ताल में लगी रही लेकिन हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि मृतक के दोस्त समेत चारों युवक वारदात के बाद से ही गायब हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
दोस्त का था मकान, जाने की वजह पता नहीं
सूत्रों के मुताबिक, जिस निर्माणाधीन मकान में वारदात हुई,ख्वह मृतक के दोस्त ऋषि का है और घटना के दौरान वह भी मौजूद था। लेकिन इसका पता नहीं चल सका कि आखिर प्रियांशु व अमित मृतक को वहां बुलाकर क्यों ले गए थे। वहीं यह बात भी सामने आई है कि मृतक की शोहबत भी अच्छी नहीं थी। आपराधिक वारदातों में भी उसका नाम आ चुका था और उस पर बमबाजी समेत तीन मुकदमे दर्ज थे। इसी तरह ऋषि पर भी मामले दर्ज हैं।