{"_id":"5eb696c58ebc3e903c17e4ce","slug":"when-shops-are-closed64","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऐसी छूट का क्या फायदा, जब दुकानें ही बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऐसी छूट का क्या फायदा, जब दुकानें ही बंद
विज्ञापन
प्रयागराज। लॉक डाउन पार्ट 2 के दौरान प्रशासन द्वारा मोटर मैकेनिक ,एसी मैकेनिक आदि को छूट दे रखी है। ताकि अगर किसी के घर में कोई उपकरण या वाहन आदि खराब है तो मैकेनिक जाकर उसकी मरम्मत कर सकें। लेकिन शहर में ऑटोमोबाइल और बड़ी कंपनियों के शोरूम एवं टीवी, फ्रिज आदि के सर्विस सेंटर बंद होने से इन मैकेनिक को जरूरत का सामान ही नहीं मिल पा रहा। कुछ मैकेनिक चोरी छुपे सामान तो ला रहे हैं लेकिन उसके बदले वह ग्राहकों से मनमाना दाम भी वसूल रहे हैं।
विज्ञापन
गर्मी के सीजन में तमाम लोगों के घरों में लगे एसी सर्विस मांग रहे हैं, लेकिन जरूरत का सामान ना मिलने से मैकेनिक भी खासे परेशान हैं । टैगोर टाउन के जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि उनके घर में लगा विंडो एसी कूलिंग नहीं कर रहा है । एसी मैकेनिक को बुलाया तो उसने जांच के बाद कंप्रेशर बदलने के लिए कहा। लेकिन बाजार में दुकानें बंद होने की वजह से कॉम्प्रेशर नहीं मिला। इसी तरह म्योराबाद के आशुतोष ने बताया कि उनका पानी का पंप खराब हो गया था। उन्होंने एक मैकेनिक को बुलाया। उसने पंप देखने के बाद कंडेनसर बदलने की बात कही। अब बाजार बंद है तो मैकेनिक ने भी सामान लाने से अपने हाथ खड़े कर दिए। इसी तरह लाउडर रोड अमित श्रीवास्तव की बाइक भी पिछले कई दिनों से खराब पड़ी हुई है। मेडिकल चौराहा के पास अमित अपनी बाइक बनवाने गए तो वहां मोटर मैकेनिक ने प्लग बदलने को कहा। मैकेनिक ने आनन-फानन में एक पुराना प्लग बाइक में लगा दिया। लेकिन दो रोज के बाद बाइक फिर बंद हो गई।
अमित दोबारा मैकेनिक के पास गया तो उसने नया प्लग लाने को कहा। अमित के सामने समस्या यह है कि वह प्लग लाये भी तो लाए कहां से। शहर में बीते कुछ दिनों से ऐसी समस्या से एक दो लोग नहीं बल्कि काफी संख्या में लोग दुकानें बंद होने से परेशान हैं।
विज्ञापन
लकी ट्रेडर्स राजरूपपुर के अखिलेश सिंह ने बताया की एसी या टीवी मकैनिक भी क्या कर सकते हैं। उन्हें कुछ भी सामान खरीदना होगा तो शाहगंज या कंपनियों के शोरूम एवं सर्विस सेंटर तक जाना ही पड़ता है । लेकिन बीते 7 सप्ताह से सब कुछ बंद है। जिला प्रशासन को चाहिए कि वह अब छूट दे। व्यापारी लगातार कह रहे हैं कि वह सामाजिक दूरी का पालन करेंगे। अन्यथा शहर में मैकेनिक तो मिल जाएंगे लेकिन जरूरी सामान लोगों को नहीं मिल पाएगा ।
ऑटो पार्ट्स के विक्रेता आदित्य खरबंदा ने बताया उनके पास नियमित रूप से कार मैकेनिक आवश्यक कल पुर्जों की खरीद के लिए फोन करते हैं। लेकिन जब दुकान ही नहीं खुल रही है तो वह सप्लाई कैसे करें। इसी तरह टुल्लू पंप की मरम्मत करने वाले मैकेनिक हरिओम साहू ने बताया कि प्रशासन ने भले ही हमें काम करने की छूट दे दी हो लेकिन मशीनरी एवं अन्य जरूरी वस्तुओं की दुकानें बंद होने की वजह से काफी समस्या आ रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन