Weather Update : भोर में सात डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंचा तापमान, अभी और सताएगी सर्दी
धूप भी खिली हुई थी। हालांकि, पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से हवाओं में ठंड थी। इससे तापमान 24 डिग्री के करीब बना रहा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ.शैलेंद्र कुमार राय का कहना है कि आगे भी तीन-चार दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
विस्तार
इस सीजन में बुधवार की रात एवं सुबह सबसे ठंड रही। भोर का तापमान सात डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। दिन में भी ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी थी। हालांकि, कोहरा नहीं होने तथा धूप की वजह से लोगों को राहत रही। मंगलवार की रात में कोहरे ने पूरे जिले को ढके रखा। इसका बुधवार को असर दिखा और भोर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि राहत की बात यह जरूर रही कि दिन निकलने के साथ मौसम साफ होता गया।
धूप भी खिली हुई थी। हालांकि, पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से हवाओं में ठंड थी। इससे तापमान 24 डिग्री के करीब बना रहा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ.शैलेंद्र कुमार राय का कहना है कि आगे भी तीन-चार दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। उनका कहना है कि अभी कोल्ड वेब आने की उम्मीद नहीं है।
आज कोहरा रहने की उम्मीद
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर बीएन सिंह के अनुसार अब ठंड शुरू हुई है। आगे तापमान में और गिरावट आएगी। उनका कहना है कि मौसम साफ है। ऐसे में बृहस्पतिवार को घना कोहरा रहने की उम्मीद है। इसकी वजह से दिन में भी अधिक ठंड महसूस होगी।
धूप संग ठंड बढ़ने से फसलों को फायदा
मौसम गेहूं तथा रबी की अन्य फसलों के अनुकूल बताया जा रहा है। तापमान में गिरावट से फसलों को फायादा होगा। दिन में धूप निकल जाने से कोहरे से भी नुकसान की आशंका कम हो गई है। गेहूं तथा रबी की अन्य फसलों की बुआई हो चुकी है। गेहूं में कल्ले भी निकलने लगे हैं लेकिन दो दिन पहले तक दिन का तापमान लगातार 25 डिग्री के ऊपर होने की वजह से फसलाें को नुकसान पहुंचने की आशंका बन गई थी।
कौशाम्बी कृषि संस्थान के डॉ.मनोज कुमार सिंह का कहना है कि गेहूं की फसल के लिए कम तापमान की जरूरत होती है। यह मौसम रबी की साभी फसलों के अनुकूल है। दिन में धूप निकलने से और फायदा होगा।
सूर्खा अमरूद का रंग होगा और चटख
इलाहाबादी अमरूद सूर्खा के शौकीनों को आने वाले दिनों में और अच्छे फल मिलेंगे। इस बार सूर्खा और सफेदा की अच्छी पैदावार हुई है। ऐसे में ठंड बढ़ने से सूर्खा का लाल और चटख होगा। बमरौली में किराए पर बाग लेने वाले व्यापारी सोनू पटेल का कहना है कि सूर्खा के लिए जितना ठंड पडे़गा उतना ही अच्छा होगा। इससे लाल रंग खिलकर आता है। साथ ही फल के आकार भी बढ़ जाते हैं।
अधिकतम तापमान 23.4
न्यूनतम तापमान 6.9
सूर्योदय 6.44
सूर्यास्त 17.18
पूर्वानुमान - बृहस्पतिवार को सात से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने की उम्मीद है। सुबह देर तक कोहरा रहने के आसार हैं। हालांकि, दिन धूप निकलने की उम्मीद है।