upsc pre exam 2022 : सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में छाए रहे इतिहास के साथ पर्यावरण, भूगोल, अर्थशास्त्र के सवाल
पहली पाली में सामान्य अध्ययन के 100 सवाल पूछे गए, जिन्हें हल करने के लिए दो घंटे का वक्त दिया गया। ज्यादातर सवाल कथनों पर आधारित रहे। सवाल इस प्रकार पूछे गए, जिनका कोई सीधा विकल्प नहीें था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की रविवार को आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2022 में इस बार पेपर खास रहा। विशेषज्ञों और अभ्यर्थियों के अनुसार पर्यावरण, भूगोल, अर्थशास्त्र और यहां तक कि इतिहास के सवाल भी समसामयिक मुद्दों से जोड़कर पूछे गए। पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार सामान्य अध्ययन का पेपर थोड़ा ज्यादा कठिन रहा। वहीं, द्वितीय पाली में सीसैट का क्वालीफाइंग प्रश्नपत्र परंपरागत प्रकार का रहा जिसमें गणित और कंप्रेहेंशन से जुड़े सवालों की अधिकता रही।
पहली पाली में सामान्य अध्ययन के 100 सवाल पूछे गए, जिन्हें हल करने के लिए दो घंटे का वक्त दिया गया। ज्यादातर सवाल कथनों पर आधारित रहे। सवाल इस प्रकार पूछे गए, जिनका कोई सीधा विकल्प नहीें था। कथनों पर विचार करने के बाद सवाल का जवाब देना था, सो समय प्रबंधन के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण था। सबसे अधिक 18 सवाल अर्थशास्त्र से पूछे गए।
इतिहास से 14, पर्यावरण से 16, भूगोल से 17, पॉलिटी से 10 सवाल आए। विशेषज्ञों के अनुसार इस बार सभी क्षेत्रों से पूछे गए सवाल कहीं न कहीं सम सामयिक मुद्दों से जुड़े थे। साइंस एंड टेक्नोलॉजी से जुड़े सवाल भी सामयिक मुद्दों पर आधारित थे और ज्यादातर सवाल दैनिक जीवन से जुड़े हुए थे।
ध्येय आईएएस के एकेडमिक हेड गौरव मिश्र के अनुसार पेपर प्रारूप इस प्रकार का था कि इस बार समय प्रबंधन की भूमिका ज्यादा महत्वपूर्ण रही। भारत स्काउट एवं गाइड इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची प्राची गोयल के अनुसार प्रश्न काफी कठिन थे। इस बाद पैटर्न बदला हुआ था। विश्व भूगोल से जुड़े प्रश्नों की संख्या अधिक थी। इंटरनेशनल अफेयर्स से प्रश्न सबसे कठिन लगे।
नैनी के एक सेंटर में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी सूरज सिंह के अनुसार यूपीएससी की परीक्षा में हर साल थोड़ा बहुत पैटर्न जरूर बदलता है। इस बार भी बदलाव देखने को मिला। सवाल पूछने का ढंग भी बदला। विशेषज्ञों के अनुसार अनुभवी अभ्यर्थियों को तो ज्यादा दिक्कत नहीं हुई, लेकिन पहली बार परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए पेपर थोड़ा कठिन रहा।
आधे अभ्यर्थियों ने छोड़ दी परीक्षा
प्रयागराज में आधे अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा प्रयागराज के 102 केंद्रों में सुबह 9.30 से 11.30 और अपराह्न 2.30 से 4.30 बजे तक दो पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए 43497 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 21971 परीक्षार्थी (50.51 फीसदी) उपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों को 34 सेक्टरों में विभाजित किया गया था। डीएम संजय कुमार खत्री और एसएसपी अजय कुमार ने मेरी लूकस स्कूल कचहरी रोड और रानी रेवती देवी इंटर कॉलेज राजापुर का निरीक्षण किया।
कोविड, आरोग्य सेतु पर भी पूछे गए प्रश्न
- सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रथम प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन में आरोग्य सेतु और कोविन एप के बारे में भी प्रश्न पूछा गया। पूछा गया निम्नलिखित पर विचार कीजिए। आयोग्य सेतु्, कोविन, डिजिलॉकर, दीक्षा। इनमें से कौन से ओपेन सोर्स डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बनाए गए हैं। सामान्य अध्ययन में कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए बनाई जा रही वैक्सीन बारे में भी सवाल पूछा गया।
परीक्षा में पूछे गए कुछ अन्य सवाल
सवाल- मध्यकालीन भारत में, शब्द ‘फणम’ किसे निर्दिष्ट करता है?
विकल्प- पहनावा, सिक्के, आभूषण, हथियार
सवाल- ‘क्यूबिट’ शब्द क उल्लेख निम्नलिखित में कौन से एक प्रसंग में होता है?
विकल्प- क्वाउट सेवाएं, क्वांटम संगणन, दृश्य प्रकाश संचार प्रौद्योगिकियां, बेतार संचालन प्रौद्योगिकियां
सवाल- किसके राज्यकाल में ‘योगवशिष्ठ’ का निजामुद्दीन पानीपति द्वारा फारसी में अनुसाद किया गया?
विकल्प- अकबर, हुमायुं, शाहजहां, औरंगजेब
सवाल- भारत में, निम्नलिखित में कौन मुद्रास्फीति को नियंत्रिक कर कीमत स्थिरता बनाए रखने के लिए उत्तरदायी है?
विकल्प- उपभोक्ता मामले विभाग, व्यय प्रबंधन आयोग, वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद, भारतीय रिजर्व बैंक
सवाल- पश्चिम अफ्रीका की निम्नलिखित झीलों में से कौन सी एक सूख कर मरुस्थल में बदल गई है?
विकल्प- लेक विक्टोरिया, लेक फागुबिन, लेक ओगुटा, लेक वोल्टा
सवाल- दक्षिण भारत की गंडिकोटा घाटी (कैन्यन) निम्नलिखित नदियों में से किस एक से निर्मित हुई है?
विकल्प- कावेरी, मंजिरा, पेन्नार, तुंगभद्रता