UPTET : टीईटी पेपर लीक गिरोह का भंडाफोड़, शिक्षक समेत 16 गिरफ्तार
रविवार को परीक्षा शुरू होने के बाद एसटीएफ को इनपुट मिला था कि पेपर लीक हो गया है और सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। इस चर्चा के आधार पर प्राधिकारी ने परीक्षा को स्थगित करने का फैसला किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2021 के दौरान पेपर लीक कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। एसटीएफ की स्थानीय इकाई ने नैनी, झूंसी व जॉर्जटाउन से कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें गिरोह के संचालक तीन दोस्तों के साथ ही प्राइमरी स्कूल शंकरगढ़ का एक शिक्षक भी शामिल है। शिक्षक से बरामद मोबाइल में लीक पेपर की हल की हुई कॉपी मिली है। एसटीएफ अफसरों का कहना है कि पेपर आउट कराकर उपलब्ध कराने वाले शख्स की तलाश की जा रही है।
एसटीएफ अफसरों के मुताबिक, पकड़ा गया गिरोह न सिर्फ पेपर लीक कराता है, बल्कि परीक्षा केंद्र पर मूल अभ्यर्थी की जगह सॉल्वर भी बैठाता है। गिरोह के पकड़े गए सदस्यों में से आठ छिवकी रेलवे स्टेशन, तीन को न्याय नगर झूंसी स्थित डीएनएमएस गर्ल्स इंटर कॉलेज व पांच को जॉर्जटाउन में पन्ना लाल रोड के पास से पकड़ा गया। तलाशी में इनके कब्जे से जाली एडमिट कार्ड, अंकपत्र व प्रमाणपत्रों की छायाप्रति के साथ ही लीक हुए प्रश्नपत्र के 27 स्क्रीनशॉट बरामद हुए।
थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी नकल व पेपर लीक गिरोह के सदस्य हैं, जो टीईटी में सेंधमारी करने की तैयारी में थे। पकड़े गए लोगों में प्राइमरी विद्यालय करियाखुर्द, शंकरगढ़ में तैनात सहायक अध्यापक सत्यप्रकाश सिंह पटेल भी शामिल है। लीक प्रश्नपत्र की सॉल्व कॉपी इसके मोबाइल से बरामद हुई है, जिसका स्क्रीन शॉट रख लिया गया है।
पकड़े गए लोगों में 10 सॉल्वर, एक अभ्यर्थी, चार सरगना और एक उनका सहयोगी शामिल हैं। डिप्टी एसपी, एसटीएफ नवेंदु सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ नैनी, झूंसी व जॉर्जटाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उनसे पूछताछ में कुछ अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
यह हुए गिरफ्तार
राजेंद्र पटेल, नीरज शुक्ला (गिरोह संचालक) दोनों निवासी रानीगंज प्रतापगढ़, सन्नी सिंह, टिंकू कुमार, धनंजय कुमार, कुनैन राजा व शीतल कुमार वर्मा निवासी गया बिहार, शिवदयाल निवासी औरंगाबाद बिहार (यह सभी छिवकी स्टेशन से पकड़े गए)
अनुराग कश्यप निवासी चोपन सोनभद्र, अभिषेक सिंह निवासी कर्वी चित्रकूट, सत्यप्रकाश सिंह (गिरोह संचालक) निवासी शंकरगढ़, प्रयागराज (सभी झूंसी स्थित परीक्षा केंद से पकडे गए)
चतुर्भुज सिंह (गिरोह संचालक), संजय सिंह, अजय कुमार, ब्रह्मशंकर सिंह निवासी कोरांव प्रयागराज, सुनील कुमार सिंह निवासी खीरी प्रयागराज।(यह सभी जॉर्जटाउन से पकड़े गए )
यह हुआ बरामद
13 जाली आधार कार्ड, 17 मोबाइल फोन, 11 जाली प्रवेशपत्र, एक एटीएम कार्ड, सात पैन कार्ड, दो डीएल, दो वोटरआईडी, एक-एक बाइक व कार, चार ब्लैंक चेक, 73 व्हाट्सएप स्क्रीन शॉट, आठ हाईस्कूल व इंटरमीडिएट अंकपत्र व प्रमाणपत्र की छायाप्रतियां, लीक हुए प्रश्नपत्र की सॉल्व कॉपी के 27 स्क्रीनशॉट।