Prayagraj : पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों से यूपी रोडवेज नहीं लेगा किराया, दिखाना होगा प्रवेश पत्र
प्रयागराज में 22 से 26 और 29 अगस्त से एक सितंबर के बीच परीक्षा होनी है। रोडवेज प्रशासन ने कंडक्टरों को निर्देश दिया है कि पुलिस भर्ती के परीक्षार्थियों से किराया न लिया जाए, हालांकि वह परीक्षार्थियों का एडमिट कार्ड जरूर चेक करें।
विस्तार
पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी 22 से 26 और 29 अगस्त से एक सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक रोडवेज की बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना प्रवेशपत्र दिखाना होगा। यह सुविधा परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व और एक दिन बाद तक मान्य होगी। मुख्यालय के निर्देश पर रोडवेज प्रबंधन ने यह ऐलान किया है। परीक्षार्थी समय पर सेंटर पहुंचे, इसके लिए रोडवेज अतिरिक्त बसें भी चलाएगा।
प्रयागराज में 22 से 26 और 29 अगस्त से एक सितंबर के बीच परीक्षा होनी है। रोडवेज प्रशासन ने कंडक्टरों को निर्देश दिया है कि पुलिस भर्ती के परीक्षार्थियों से किराया न लिया जाए, हालांकि वह परीक्षार्थियों का एडमिट कार्ड जरूर चेक करें।
क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी का कहना है कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सिविल लाइंस बस स्टेशन, जीरो रोड बस स्टेशन, मिर्जापुर बस स्टेशन, प्रतापगढ़ बस स्टेशन, लालगंज बस स्टेशन, बादशाहपुर बस स्टेशन, मंझनपुर बस स्टेशन के एआरएम को वहां को नोडल अधिकारी बनाया गया है। क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को उनके एडमिट कार्ड पर फ्री यात्रा करवाई जाएगी। यात्रा के दौरान परिचालकों को परीक्षार्थी से प्रवेशपत्र की स्वहस्ताक्षरित प्रति प्राप्त कर उस पर अप ट्रिप के लिए ‘अप’ शब्द अंकित करते हुए यात्रा प्रारंभ करने का स्थान एवं गंतव्य स्थान का नाम तथा डाउन ट्रिप के लिए ‘डाउन’ शब्द अंकित करना होगा।
रूट वार बसों का ऐसे होगा संचालन
डिपो का नाम : मार्ग
सिविल लाइंस एवं बादशाहपुर : गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी
लीडर रोड व मंझनपुर : कौशाम्बी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, मिर्जापुर, रायबरेली, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी।
जीरो रोड : मिर्जापुर, चित्रकूट, बांदा, महोबा और हमीरपुर।
मिर्जापुर : प्रयागराज, फतेहपुर, भदोही, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर और गाजीपुर।