लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के विरोध में प्रयागराज में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस के लोगों ने यूपी सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। सपाइयों ने कहा कि सपा सरकार में किसानों पर अत्याचार किया जा रहा है। भाजपा सांसद के द्वारा किसानों की हत्या कराई जा रही है। प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है।
लखीमपुर खीरी जाना मना है : पुलिस को चकमा देने के लिए दूल्हा बना कांग्रेसी, कार्यकर्ता बने बराती
लखीमपुरी खीरी की घटना के विरोध में किसानों के साथ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में भी रोष दिखा। सोमवार को उन्होंने कलक्ट्रेट समेत कई स्थानों पर प्रदर्शन किया। इसमें भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट, सपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, सामाजिक प्रगतिशील मोर्चा आदि दलों के कार्यकर्ता शामिल रहे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी से नाराज सपा कार्यकर्तओं ने कलक्ट्रेट, सुभाष चौराहा, झूंसी आदि स्थानों पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री का पुतला दहन भी किया। पुतला दहन से रोके जाने पर उनकी पुलिस से झड़प हुई। विरोध पर अड़े कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले गई। इनमें महिलाएं भी शामिल रहीं। आंदोलन में शामिल होने के लिए किसान यूनियनों केअलावा कांग्रेस तथा अन्य संगठन के लोग लखीमुपर खीरी भी रवाना हुए।
आप कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौराहे पर किया प्रदर्शन, गिरफ्तार
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन कर घटना की निंदा की। कहा कि बीजेपी नेता के बेटे द्वारा किया गया कृत्य ने मानवता को शर्मसार किया है। पदाधिकारियों ने राज्य सभा सांसद संजय सिंह को रोके जान पर भी असंतोष जताया। कहा कि एक तरफ किसानों की हत्या हो रही है तो दूसरी तरफ प्रशासन सरकार की शह पर आंदोलनों को दबाने में लगा है।
आप पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के इस रवैये को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार होने वालों में डॉ. अल्ताफ, सुष्मिता राघव, महासचिव सर्वेश यादव, आकाश सिंह, डॉ. राम लखन चौरसिया, विशाल यादव, ज्योति प्रकाश चौबे, वीरेंद्र कुशवाहा, जाफर अस्करी, हरेंद्र प्रताप ठाकुर, अमित यादव, बबलू सरोज, राहुल पटेल आदि रहे। महासचिव सर्वेश यादव ने बताया कि पुलिस आप पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई और देर शाम निजी मुचलके पर उन्हें छोड़ दिया गया।
लखीमपुर खीरी घटना में पत्रकार की मौत दुखद
कांग्रेस राज्य समिति के सदस्य किशोर वार्ष्णेय ने लखीमपुर खीरी की घटना में पत्रकार रमन कश्यप की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने राज्यपाल को पत्र भेज कर परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग भी की है।
पत्थर गिरजाघर पर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने पर भी जताया आक्रोश
प्रयागराज। किसानों की मौतों के मामले में कांग्रेसी भी सोमवार को गरजे। पत्थर गिरजाघर के पास प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होेंने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर भी आक्रोश जताया। कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है। उधर, कांग्रेसियों का एक दल लखीमपुर खीरी जाने के लिए जैसे ही रवाना हुआ उसे पुलिस ने हॉटस्टप चौराहे पर हिरासत में ले लिया और जाने नहीं दिया।
कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा किसानों से किस कदर नफरत कर रही है, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। किसानों को पहले गोली मारी जा रही है और फिर गाढ़ी से कुचला जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने और उन पर व उनके पुत्र पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किए जाने की मांग की। कहा कि महासचिव प्रियंका गांधी को तुरंत रिहा किया जाए और उन्हें पीड़ित किसानों के परिवारों से मिलने दिया जाए।