पांचवें चरण के चुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। रोड शो के माध्यम से उन्होंने शहर पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी विधानसभा के कई इलाकों में रोड शो किया। इसके बाद तीनों विधानसभाओं को जोड़ने वाले नखास कोहना तिराहे पर जनसभा कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि 10 मार्च को एक बार फिर यूपी में भाजपा की सरकार बनने वाली है।
यूपी चुनाव 2022 : चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सीएम योगी ने प्रयागराज में रोडशो के माध्यम से झोंकी ताकत, बुलडोजर बाबा की जय के लगे नारे
करबला तिराहे पर खड़े रथ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सवार हुए तो छतों से उन पर पुष्पवर्षा शुरू हो गई। जय श्री राम और बुलडोजर बाबा जिंदाबा के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था।
रास्ते भर गूंजते रहे बुलडोजर बाबा जिंदाबाद के नारे
कुछ देर में ही काफिला आगे बढ़ निकला और मोदी-योगी के नारे गूंजते रहे। इसके अलावा बुलडोजर जिंदाबाद का नारा भी गूंजता रहा। यह रोडशो उस इलाके में निकल रहा था जहां पर अतीक अहमद का दबदबा माना जाता है। इस इलाके में योगी सरकार ने पूर्व सांसद अतीक अहमद सहित उसके करीबियों और रिश्तेदारों के बड़ी संख्या में आलीशान मकान ध्वस्त किया है। इस दौरान चुनावी गीत ‘ जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे, ‘ मंदिर अब बनने लगा है’, और जय श्री राम का जयघोष रास्ते भर होता रहा। छतों पर एवं सड़क किनारे खड़े लोगों ने जगह-जगह सीएम का स्वागत भी किया। भगवा पताका बांधे छोटे बच्चों में भी सीएम योगी के पास जाने की बेकरारी दिखी। इस दौरान सभी ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।
कभी हाथ हिलाकर तो कभी हाथ जोड़कर सीएम करते रहे अभिवादन
अपार जनसमूह के स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री कभी हाथ हिलाकर तो कभी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार करते रहे। छत पर खड़े लोगों के लिए हाथ उठाते और मुस्कुरा कर आभार जता देते। योगी के करीब जाने को जनता उत्साहित रही। सड़क किनारे ही जनमानस ने अपना समर्थन योगी को दिया।
सपा प्रत्याशी ऋचा सिंह के काफिले को दूसरे रास्ते से निकाला
काफिला हिम्म्मतगंज, बनर्जी तिराहा, मछली बाजार, खुल्दाबाद होता हुआ खालसा गर्ल्स कालेज पहुंचा, फिर डफरिन, नखास कोहना पर लोगों की लंबी लाइन मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने जुटी। रोड शो में भीड़ इतनी अधिक उमड़ी कि पुलिस और सिक्योरिटी को हटाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। नखास कोहना चौराहे पर ही रोड शो समाप्त हुआ। इस दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बन गई थी। योगी के रोडशो के दौरान सपा शहर पश्चिमी की प्रत्याशी डॉ. ऋचा सिंह का काफिला भी रोड शो के नजदीक पहुंच गया था। पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए सपा प्रत्याशी के काफिले को वैकल्पिक मार्ग से भेजकर स्थिति को काबू में किया।
योगी आदित्यनाथ के रोड शो में उमड़़ी भारी भीड़। जय श्री राम के नारे से पूरा इलाका गूंजता रहा। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स की भी तैनाती की गई थी।