UP Board : हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट व इंटर कम्पार्टमेंट परीक्षा के आवेदन 6 जून से, 27 को है अंतिम तिथि
माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन छह जून से 27 जून 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।
विस्तार
माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन छह जून से 27 जून 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा के ऐसे परीक्षार्थी, जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हैं, इम्प्रूवमेंट परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। वहीं कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को किसी एक विषय में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट एवं कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क 256.50 रुपये निर्धारित किया गया है। इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग के ऐसे परीक्षार्थी, जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हैं, आवेदन कर सकेंगे।
कृषि वर्ग के अभ्यर्थी कृषि भाग-1 या भाग-2 के किसी एक प्रश्नपत्र और व्यावसायिक वर्ग के अभ्यर्थी ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण होने पर कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए पात्र होंगे। इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा का शुल्क 306 रुपये निर्धारित किया गया है। सचिव ने बताया कि परीक्षार्थियों को निर्धारित शुल्क कोषागार में चालान के माध्यम से परिषद के मानक मद में जमा करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन भरने के बाद शुल्क चालान की मूल प्रति एवं आवेदन पत्र की डाउनलोड प्रति को अंतिम तिथि 27 जून के बाद तीन दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में पंजीकृत डाक से भेजना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट परीक्षा व इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में लिखित एवं प्रयोगात्मक दोनों भागों में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों को दोनों भागों की परीक्षा देनी होगी।
किसी विषय के एक भाग में अनुत्तीर्ण और दूसरे भाग में उत्तीर्ण अभ्यर्थी केवल अनुत्तीर्ण भाग की परीक्षा दे सकते हैं। यदि वे चाहें तो दोनों भागों की परीक्षा में भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा है कि लिखित एवं प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य दिशा-निर्देश परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।