नितिन गडकरी बोले : सीएम योगी ने डंडा मारकर गुंडों को खदेड़ा, कानून का राज किया कायम
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि 2024 तक यूपी की सड़कें अमेरिका की सड़कों की तरह होंगी। अभी तक जो हुआ है वह तो ट्रेलर है। पूरी पिक्चर तो अब शुरू होगी। गडकरी मंगलवार को शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के झलवा में घुंघरू चौराहे पर भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थनाथ सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा संबोधित कर रहे थे।
विस्तार
केंद्रीय सडक एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून का राज कायम किया। उन्होंने चुन-चुन कर गुंडों को जेल भेजा।
केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने बीते पांच वर्ष में ढेरों विकास कार्य किए। डबल इंजन की सरकार ने अभी सिर्फ ट्रेलर दिखाया है, पिक्चर अभी बाकी है। गडकरी ने यह बातें सिविल लाइंस स्थित वात्सल्य सभागार में भाजपा के मीडिया सेंटर के उद्घाटन के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने बीते 5 सालों में योगी सरकार में हुए विकास कार्यों का जिक्त्रस् करते हुए कहा कि यूपी तेजी से बदल रहा है। कहा कि यहां एक समय गुंडाराज और माफियाराज हुआ करता था, लेकिन गुंडे और माफियाओं को उखाड़ फेंकने का काम भाजपा की योगी सरकार ने किया है। योगी सरकार ने यूपी में कानून व्यवस्था को कायम किया है।
अमेरिका की तरह बनाएंगे यूपी की सड़कें
उन्होंने कहा कि जो 50 वर्ष में नहीं हुआ वह यूपी में पिछले पांच वर्ष में हो गया। इस दौरान नितिन गडकरी ने देश भर में बनाए जा रहे एक्सप्रेस वे, हाइवे आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष में यूपी की सड़कों को अमेरिका की तरह बना देंगे।
यूपी में सीएम का चेहरा कौन होगा, इस सवाल का गडकरी ने स्पष्ट जवाब तो नहीं दिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि हम सीएम योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। वह पार्टी के बड़े चेहरे हैं। भाजपा में लोकतांत्रिक प्रक्त्रिस्या है। अभी हमारा फोकस ज्यादा से ज्यादा सीट जीतने पर है।
इस अवसर पर सांसद केशरी देवी पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा, काशी प्रांत अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, गणेश केसरवानी, विभव नाथ भारती, आशीष गुप्ता, सुबोध सिंह, दिलीप चतुर्वेदी, रवि केसरवानी, राजेश केसरवानी आदि मौजूद रहे।
1100 करोड़ में फोरलेन बनेगा प्रयागराज-रायबरेली मार्ग
प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली सड़क को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रयागराज-रायबरेली मार्ग 1100 करोड़ की लागत से फोर लेन होगा। दिसंबर 2022 से इस मार्ग के चौड़ीकरण का काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं जो बोलता हूं उसे डंके की चोट पर करके दिखाता हूं। इस दौरान गडकरी ने प्रदेश में फोर लेन और सिक्स लेने किए जाने वाले अन्य मार्गों का भी ब्यौरा रखा।
125 करोड़ की लागत से जसरा में बनेगा बाईपास
प्रयागराज-चित्रकूट मार्ग स्थित जसरा बाजार में लगने वाले जाम से लोगों को जल्द निजात मिलेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि प्रदेश में कई स्थानों पर बाई पास बनाए जाने हैं। उसमें प्रयागराज का जसरा भी शामिल है। यहां 125 करोड़ की लागत से बाईपास का निर्माण होगा।