उमेश पाल हत्याकांड : पूछताछ में बोला बली पंडित, शूटरों के बारे में कुछ नहीं मालूम
पुलिस की पूछताछ में अतीक के गुर्गे सुधांशु उर्फ बली पंडित ने कहा कि उसे शूटरों के बारे में कुछ नहीं मालूम। शाइस्ता उससे चुनाव के सिलसिले में मिलने आईँ थीं। उनके साथ साबिर था या और कोई, वह नहीं जानता।
विस्तार
पुलिस की पूछताछ में अतीक के गुर्गे सुधांशु उर्फ बली पंडित ने कहा कि उसे शूटरों के बारे में कुछ नहीं मालूम। शाइस्ता उससे चुनाव के सिलसिले में मिलने आईँ थीं। उनके साथ साबिर था या और कोई, वह नहीं जानता। बली पंडित से तमाम जमीनों के बारे में पूछताछ की गई जो उसने अतीक के नाम पर कब्जाया था। उसके बैंक खातों के बारे में भी पता किया जा रहा है। पुलिस ने रविवार को अतीक के गुर्गे बली पंडित को करबला के पास से हिरासत में ले लिया था।
बली पंडित हाल में उस समय चर्चा में आया, जब उसकी एक सीसीटीवी फुटेज शाइस्ता परवीन के साथ वायरल हो गई। सीसीटीवी फुटेज में शाइस्ता उसके नीवा स्थित घर पहुंचीं थीं। शाइस्ता के साथ पांच लाख का इनामी शूटर साबिर भी मौजूद था। साबिर की मौजूदगी के सुबूत के बाद पुलिस एक्टिव हुई और रविवार को बली पंडित हिरासत में ले लिया गया। सूत्रों ने बताया कि बली शूटरों के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार कर रहा था।
उसने यह बात तो मानी कि वह अतीक का गुर्गा है लेकिन उमेश पाल हत्याकांड में कोई हाथ होने की बात से वह इनकार कर रहा है। शाइस्ता से मिलने के बाबत उसने बताया कि शाइस्ता मेयर का चुनाव लड़ रही हैं। इसी सिलसिले में वह मिलने आईँ थीं कि क्षेत्र में कैसे अधिक से अधिक लोगों के वोट मिले। सिर्फ चुनाव को लेकर ही बात हुई थी। शाइस्ता के साथ शूटर साबिर के बारे में उसने कहा कि शाइस्ता के साथ कई लोग थे, जिन्हें वह नहीं जानता। साबिर के बारे में उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। बली से जमीनों के कब्जे के बारे में भी पूछताछ की गई। उसके खिलाफ तमाम लोगों ने शिकायतें की हैं। उन सब बिंदुओं पर भी जांच की गई।